Weather Update: यूपी में आज बूंदाबांदी का अलर्ट, ठंडी हवाओं ने ठिठुराया; बिजनौर और मेरठ प्रदेश में सबसे ठंडे
UP Weather News उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। सुबह और रात में घना कोहरा रहेगा जिससे ठंड बढ़ेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। वहीं पश्चिमी यूपी में तापमान में अच्छी गिरावट देखने को मिली है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सोमवार को उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के चलते प्रदेश के कुछ जिलों में बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, सुबह और रात के समय घने कोहरे का असर रहेगा, जिससे ठंड में इजाफा होगा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 से 14 दिसंबर के बीच शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 12 दिसंबर तक देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। ऐसे में वाहनों के आवागमन पर असर पड़ने की आशंका है।
रविवार को लखनऊ में दिन के तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। रविवार को मेरठ और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से अचानक ठंड का असर तेज हो गया। प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को हल्की बारिश की संभावना है।
मेरठ में मौसम हुआ तल्ख
पश्चिम उप्र में मौसम के तेवर तल्ख हो रहे हैं। मेरठ और बिजनौर में ठंड का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। लगातार दूसरी बार शनिवार की रात तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई। देर शाम तेज हवाओं के साथ बरसात देखने को मिली। जिससे ठिठुरन और बढ़ गई। शनिवार की रात बिजनौर में पाला पड़ा। खेतों में सफेद चादर बिछी नजर आई। बिजनौर में न्यूनतम तापमान 4.6 और मेरठ में सामान्य से तीन डिग्री कम 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों ने बुधवार से शुक्रवार के बीच शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा। पिछले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट हुई है। तापमान में इतनी तेजी से गिरावट मानव स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। लोगों को अपनी दिनचर्या और परिधानों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
रविवार को तापमान में गिरावट
शनिवार की तरह रविवार को भी प्रदेश और एनसीआर में मेरठ में सबसे ज्यादा तापमान में गिरावट देखी गई। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.4, बरेली में छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। प्रदेश में सबसे ठंडा शहर मेरठ रहा। दिन में धूप हल्की रही। अधिकतम तापमान में भी गिरावट हई और यह 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम होते - होते बरसात के आसार बनने लगे। साढ़े आठ बजे सरधना, मोदीपुरम में बरसात शुरु हो गई। बरसात की तीव्रता अलग अलग स्थानों पर अलग रही। रात साढ़े 10 बजे बौछारों पड़ती रही। बाजारों में लोग अचानक हुई बरसात से इधर उधर भागते नजर आए।
एक और पश्चिमी विक्षाेभ हुआ प्रभावी
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि एक और पश्चिम विक्षोभ प्रभावी हुआ है। जिससे दिन के मौसम में परिवर्तन देखने को मिला है। पारा पांच डिग्री से कम होने के कारण बिजनौर में पाला पड़ा है। आगामी दिनों में कोहरे की संभावना है। बरसात से स्वच्छ हुई हवा प्रदूषण के स्तर में शुक्रवार और शनिवार बढ़ोतरी देखी गई थी। शनिवार की रात में जयभीमनगर और पल्लवपुरम में पीएम 2.5 की मात्रा 200 से 300 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रही। ऐसा आदृता बढ़ने और रात में हवा की गति कम होने के कारण हुआ है। रविवार को दिन में हवाओं की दिशा पश्चिम से पूर्वी हो गई है। रात में बरसात होने बाद वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ।
मास्क लगाकर निकलें घर से बाहर
प्रगति विज्ञान केंद्र की विज्ञानी अनुप्रिया शर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में वायु की गुणवत्ता खराब होने की संभावना है। विशेष रूप से सुबह और शाम के बाद मास्क लगाकर निकलें। फसलों को भी था ठंड और बरसात का इंतजार जनपद में 28 सितंबर के बाद से बरसात नहीं हुई थी। कृषि विज्ञानी प्रोफेसर आरएस सेंगर ने बताया कि अनाज दानों के पुष्ट और परिपक्व होने के लिए तापमान गिरना आवश्यक है। रबी की फसल को इस समय बरसात की भी आवश्यकता थी। सरसों, गेहूं जैसी फसलों के साथ गन्ने और आलू के लिए भी बरसात और ठंड उत्तम है।
ठंडी हवा चलने से गिरा तापमान, रविवार को दिनभर चलती रही हवा
आगरा शहर में चल रही ठंडी हवा की वजह से तापमान में गिरावट आई है। रविवार को दिनभर धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवा चलने से उसका असर कम रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। शहर में शनिवार शाम से ही ठंडी हवा चलने लगी थी। शनिवार रात में इसका असर देखने को मिला था। ठंडी हवा रविवार काूे भी दिनभर चलती रही। सुबह धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवा की वजह से उसका असर कम रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सप्ताह में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री सेल्सियस के मध्य बना रहेगा। सोमवार को आसमान साफ रहेगा। मंगलवार से सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिलेगा।
रात की ठंड से रेलवे व बस स्टेशन पर दिक्कत बढ़ी
बरेली के मौसम में बदलाव तेजी से हो रहा है। पिछले तीन दिन में न्यूनतम तापमान में ढाई डिग्री सेल्सियस की कमी ने मौसम की रंगत को सामने ला दिया है। तीन दिन पहले तक 9 से 11 डिग्री न्यूनतम तापमान में राहत महसूस करने वालों के लिए यह कमी असहज कर रही है। रविवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। जबकि तीन दिन पहले यह तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस था। ढाई डिग्री की गिरावट तो हो चुकी है और अब मौसम विज्ञानियों के अनुसार तापमान एक से डेढ डिग्री सेल्सियस और गिर सकता है। पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ तौर पर दिख रहा है। अब ठंड के साथ ही शीतलहर और कोहरा की भी संभावना जताई जाने लगी है।
रेलवे स्टेशन पर देखने को मिल रहा ठंड का असर
तापमान में गिरावट का असर सबसे ज्यादा रेलवे व बस स्टेशन पर दिख रहा है। जिला अस्पताल में भी ठंड से परेशान लोग दिख रहे हैं। रात में जिसकी ट्रेन है ठंड की स्थिति वही बेहतर बता पा रहे हैं। रात में तापमान छह डिग्री सेल्सियस है लेकिन आभास इससे भी कहीं ज्यादा का हो रहा है। गलन जैसी स्थिति का भी सामना लोग कर रहे हैं। बाइक चालक हो या पैदल चलने वाले सबको ठंड का असर दिख रहा है। बता दें कि तेज पछुआ का असर दिखना शुरू हो गया है। तापमान में पिछले चार से पांच दिनों में ही चार डिग्री सेल्सियस की कमी दिखाई देने लगी है। 10 से 11 जो न्यूनतम तापमान था वह सात डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिर चुका है।
ये भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR का मौसम: सर्दी की पहली बारिश के बाद बढ़ी ठंड, कोहरे को लेकर IMD का येलो अलर्ट
आज बूंदाबांदी के आसार
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अब मौसम बदलने की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार को भी बूंदा बांदी के आसार है। ऐसे में सोमवार से मौसम में बदलाव भी दिखेगा। जब पश्चिमी विक्षोभ नौ दिसंबर तक गुजर जाएगा तो अगले दिन से तापमान और गिरेगा। अनुमान जताया जा रहा है कि यह पांच डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। घना कोहरा भी ग्रामीणांचल में दिख सकता है। हालांकि शहर के अंदर इसका प्रभाव कम दिखेगा। सैटेलाइट बस अड्डा के पास सड़क पर बाजार लगा तो भीड़ भी उमड़ी। ठंड का असर भी दिखा।यहां सबसे ज्यादा खरीदारी ऊनी कपड़ाें की दिखी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।