विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली-NCR का मौसम: सर्दी की पहली बारिश के बाद बढ़ी ठंड, कोहरे को लेकर IMD का येलो अलर्ट

Published: Mon, 09 Dec 2024 06:00 AM (IST)Updated: Mon, 09 Dec 2024 07:15 AM (IST)

Delhi Weather News दिल्ली-एनसीआर में सर्दी की पहली बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने सोमवार के ...और पढ़ें

दिल्ली में सर्दी के इस सीजन में पहली बार हुई बहुत हल्की वर्षा।
दिल्ली में सर्दी के इस सीजन में पहली बार हुई बहुत हल्की वर्षा।

HighLights

  1. रविवार सुबह में सामान्य से तीन डिग्री कम 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान।
  2. आज हो सकता है मध्यम स्तर का या घना कोहरा, ठंड भी बढ़ेगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को सुबह स्मॉग के साथ-साथ मध्यम स्तर का या घना कोहरा हो सकता है। इसलिए मौसम विभाग ने सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार शाम व रात में स्मॉग के अलावा हल्का कोहरा (Fog) हो सकता है। मध्यम स्तर का कोहरा होने पर न्यूनतम दृश्यता 200 से 500 मीटर रहती है और घना कोहरा होने पर न्यूनतम दृश्यता 200 से 50 मीटर के बीच रहती है।

कितना रह सकता है तापमान

अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार सुबह स्मॉग के अलावा मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है। साथ ही ठंड भी बढ़ेगी।

लगभग ढाई महीने बाद हुई बारिश

दिल्ली में 19 सितंबर बाद करीब ढाई महीने से वर्षा नहीं हुई थी। 19 सितंबर को दिल्ली में दस मिलीमीटर वर्षा हुई थी। रविवार देर शाम लक्ष्मी नगर, विश्वास नगर, लोधी रोड, रोहिणी, एयरपोर्ट, हौज खास, मालवीय नगर, वसंत कुंज, छतरपुर, आया नगर इत्यादि इलाकों में बूंदाबांदी व बहुत हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार देर रात गरज के साथ तेज हवा चलने की संभावना है।

कल तीन डिग्री कम रहा तापमान

राजधानी में रविवार को सुबह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम तापमान होने से ठंड रही। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और आकाश बादल होने के कारण तेज धूप नहीं निकल पाने से अधिकतम तापमान में भी पिछले दिन के मुकाबले 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई।

देर शाम को दिल्ली के कई इलाकों में बूंदाबांदी व कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा हुई। सर्दी के इस सीजन में पहली बार बहुत हल्की वर्षा हुई। वहीं, शाम को 14 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ठंडी हवा चलने के कारण ठंड बढ़ गई।

दिल्ली में गिरा तापमान, पूसा रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।

पूसा में न्यूनतम तापमान सबसे कम सात डिग्री सेल्सियस और नरेला में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इस वजह से इन इलाकों में ठंड अधिक रही।