Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Ghaziabad councilors protest : संपत्ति कर विवाद में बोर्ड बैठक के मिनट्स न मिलने पर पार्षदों का धरना जारी

    Updated: Sat, 19 Jul 2025 06:40 PM (IST)

    गाजियाबाद में डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर बढ़ाने के विरोध में पार्षदों का धरना जारी है। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव निरस्त होने के बावजूद बढ़े हुए बिल भेजे जा रहे हैं। व्यापारियों ने भी पार्षदों का समर्थन किया है। नगर आयुक्त ने मिनट्स में देरी का कारण बताया है जबकि पार्षदों ने अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया है।

    Hero Image
    संपत्ति कर विवाद : बोर्ड बैठक के मिनट्स न मिलने पर पार्षदों का धरना जारी

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर बढ़ाने का प्रस्ताव पिछले दिनों नगर निगम की बोर्ड बैठक में निरस्त किया जा चुका है। इसके बाद भी शहरवासियों को डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर के बिल भेजे जा रहे हैं। इसके विरोध में निगम मुख्यालय में पार्षदों का धरना जारी है।शुक्रवार दोपहर धरने पर बैठे पार्षद देर रात निगम मुख्यालय में ही सोए। शनिवार को शहर के व्यापारी भी पार्षदों के समर्थन में धरने पर बैठे। व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्षदों का कहना है कि जब तक नगर निगम बोर्ड बैठक की मिनट्स नहीं मिलती, जब तक धरना जारी रहेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नगर आयुक्त ने बताया देरी का कारण

    नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि पार्षद बोर्ड बैठक के मिनट्स की मांग कर रहे है। उन्हें शुक्रवार को ही अवगत करा दिया गया है कि मिनट्स में बोर्ड बैठक के बाद एक से डेढ़ माह का समय लगता है। मिनट्स तैयार होते ही सभी को मुहैया करा दिए जाएंगे।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर आज रात से वाहनों के चलने पर लग सकती है रोक, पुलिस ने क्यों की ऐसी तैयारी?

    आरोप :  अधिकारियों ने की मनमानी

    दरअसल, नगर निगम अधिकारियों ने मनमानी करते हुए डीएम सर्किल रेट के आधार पर शहर में संपत्ति कर बढ़ा दिया है। पूर्व पार्षद राजेंद्र त्यागी पहले दिन से निगम अधिकारियों की मनमानी का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने मामले में हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की है जिस पर 29 जुलाई को अगली सुनवाई है।

    पार्षदों का कहना है कि गत 30 जून को नगर निगम की बोर्ड बैठक में डीएम सर्किल रेट के आधार पर संपत्ति कर वसूलने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से निरस्त किया जा चुका है।

    10 दिन में मिनट्स उपलब्ध कराने का दिया था आश्वासन 

    उक्त बैठक में गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, शहर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी समेत सभी पार्षद मौजूद थे। बोर्ड बैठक के मिनट्स के लिए गत चार जुलाई को पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर से मिला था।

    उस वक्त उन्होंने 10 दिन में मिनट्स उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक बोर्ड बैठक मिनट्स उपलब्ध नहीं कराए गए हैं और शहरवासियों को लगातार बढ़े हुए संपत्ति कर के बिल भेजे जा रहे हैं।

    इससे गुस्साए पार्षदों ने शुक्रवार से नगर निगम मुख्यालय में धरने पर बैठे हैं।

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के मुकंद नगर में 15 साल से बंद बंद गोदाम में लगी आग, लपटों से घंटे भर जूझते रहे फायर टेंडर्स

    बैठक में रहे मौजूद

    शनिवार को महानगर उद्योग व्यापार मंडल के गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष गोपीचंद के नेतृत्व में व्यापारी निगम मुख्यालय पहुंचे और पार्षदों को समर्थन पत्र दिया। 

    उनके साथ अशोक चावला, नरेश अग्रवाल, सुनील गोयल राजदेव त्यागी, मोनू गोयल, संजीव मित्तल, राकेश स्वामी, विपिन गोयल, हरीश शर्मा मौजूद रहे।

    वहीं, निगम मुख्यालय में धरने के दौरान मनोज त्यागी, अमित त्यागी, नीरज गोयल, हिमांशु शर्मा, गौरव सोलंकी, कुसुम, मनोज गोयल, नरेश भाटी, पूनम सिंह, राजकुमार सिंह भाटी, भूपेंद्र उपाध्याय, शिवम शर्मा आदि पार्षदगण मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- निवाड़ी रोड पुलिस चौकी के पास बदमाशों ने तीन दुकानों के तोड़े ताले, सूचना पर भी नहीं जागे तो किया प्रदर्शन