Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Firozabad News: शादी के मंडप में कार की डिमांड कर भाग गया दूल्हा, थाने तक पहुंचा मामला, बिना दुल्हन लौटी बरात

    By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
    Updated: Tue, 09 May 2023 11:30 AM (IST)

    शादी में कार न मिलने पर दूल्हा भागा बिना दुल्हन लौटी बरात। नाश्ते को लेकर भी बराती-घराती पक्ष में हुई थी मारपीट। दोपहर तक मैरिज होम में चली पंचायत हुआ समझौता। बिना दुल्हन लौट गई बरात। पुलिस थाने लेकर आई थी दोनों पक्ष।

    Hero Image
    शादी में कार न मिलने पर दूल्हा भागा, बिना दुल्हन लौटी बरात

    फिरोजाबाद, जागरण टीम। खराब नाश्ता होने और शादी में ईको कार न मिलने से नाराज दूल्हा रविवार की रात मैरिज होम में मंडप छोड़ कर भाग गया। नाश्ते की गुणवत्ता को लेकर बरातियों और लड़की पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। दूल्हे के भागने के बाद लड़की पक्ष ने दूल्हे के पिता और अन्य स्वजन को बिठा लिया। मैरिज होम में दोनों पक्षों के बीच सोमवार दोपहर तक पंचायत हुई। इसमें दूल्हा पक्ष ने लड़की पक्ष को शादी में हुए खर्चे का भुगतान किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नाश्ता को लेकर हुआ घराती और बरातियों में विवाद

    जसराना के एक गांव की निवासी युवती की बरात मक्खनपुर क्षेत्र के गांव इंदुमई से रविवार रात सुरेंद्र मैरिज होम में आई थी। करीब नौ बजे नाश्ते की गुणवत्ता को लेकर बराती-घराती पक्ष के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। तब कुछ समझदार लोगों ने झगड़ा शांत करा दिया था। पुलिस दो बरातियों को पकड़ ले गई थी। देर रात बरात मैरिज होम में पहुंची और मंडप में शादी की तैयारी होने लगी। इस बीच दूल्हे ने शादी में ईको कार की मांग शुरू कर दी।

    ईको कार के लिए अड़ा लड़का मंडप छोड़कर भागा

    लड़की पक्ष ने कार देने में असमर्थता जताई। इस बीच देर रात दूल्हा बिना किसी को बताए मंडप से भाग गया। उसकी तलाश शुरू की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इससे मैरिज होम में सनसनी फैल गई। लड़की पक्ष ने दूल्हे के स्वजन को बिठा लिया। इसके बाद मैरिज होम में दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दौर शुरू हुआ।

    खर्चे का भुगतान करने पर हुआ राजी

    लड़की पक्ष ने दूल्हा पक्ष को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष से शादी में हुए अपने खर्चे का भुगतान करने को कहा। इसके लिए दूल्हा पक्ष राजी हो गया। खर्चे का भुगतान कर दूल्हा पक्ष बिन दुल्हन लौट गया।

    एसओ सचिन कुमार ने बताया कि नाश्ते को लेकर हुई मारपीट की सूचना पर पुलिस दो लोगों को पकड़ कर थाने पर लाई थी। दोनों का शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई थी। बिन दुल्हन बारात लौटने की सूचना नहीं है।