Disha Patani: दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग से पहले बागपत में आरोपितों से मिलने आए थे नकाबपोश ! CCTV से रहते थे दूर
Baghpat News अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई गोलीबारी के आरोपितों में बागपत जिले के दो नाबालिगों का नाम भी शामिल है। पुलिस ने गांव लौहड्डा और वाजिदपुर के दो किशोरों को पकड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग की घटना से पहले गांव लौहड्डा व वाजिदपुर में नकाबपोश देखे गए थे।

जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग की घटना से पहले लौहड्डा गांव में कई दिन तक दो-तीन नकाबपोश आते थे, जो सीसीटीवी से दूर रहते थे और किशोर से मिलकर चले जाते थे। नकाबपोशों के वाजिदपुर गांव की ओर भी जाने की आरोपित किशोर के पिता ने पुष्टि की है। माना जा रहा है कि उक्त लोग कुख्यात गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गिरोह के बदमाश थे।
10 सितंबर से पहले आते थे नकाबपोश
बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ौत क्षेत्र के लौहड्डा और वाजिदपुर गांव के दो किशोरों को भी पकड़ा है। लौहड्डा गांव के लोग बताते हैं कि 10 सितंबर से पहले कई दिन तक दो-तीन नकाबपोश युवक आते थे, जो गली में लगे सीसीटीवी कैमरे से पहले ही रुक जाते थे और किशोर से मिलकर चले जाते थे। अब लोगों का मानना है कि नकाबपोश भी उसी घटना से जुड़े रहे होंगे और कुख्यात गोल्डी बराड़ व रोहित गोदारा गिरोह के सदस्य होंगे।
नकाबपोश युवक वाजिदपुर गांव की ओर भी जाते थे। इस बात को किशोर का पिता भी बताता है कि उसके बेटे के पास दो-तीन नकाबपोश आते थे, जो गली में लगे सीसीटीवी कैमरे से दूर रहते थे और बातचीत कर चले जाते थे। वे युवक ही उसके बेटे को बहला-फुसलाकर साथ ले गए होंगे।
यह भी पढ़ें- Disha Patani House Firing: गोल्डी बराड़ व रोहित गोदारा गिरोह से कैसे जुड़े बागपत के कक्षा 11 और 12 के छात्रों के तार
12 सितंबर को घबराए थे दोनों किशोर
बरेली की घटना सामने आने के बाद से दोनों किशोर घबराए हुए थे। लौहड्डा गांव के किशोर के पिता ने बताया कि उसका बेटा 12 सितंबर को आया तो कुछ घबराया हुआ था, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि वह कहां गया था।
यह भी पढ़ें- Disha Patani Case: दिशा पाटनी के घर फायरिंग कर वापस आ गए दो नाबालिग आरोपित, बागपत पुलिस को नहीं लगी भनक
एक किशोर 11वीं और दूसरा 12वीं में
वाजिदपुर गांव का रहने वाला किशोर बड़ौत शहर के एक स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र है। लौहड्डा गांव का रहने वाला किशोर बुढेड़ा गांव में इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र है। दोनों के बीच दोस्ती बताई जाती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।