Agra Accident: चुनाव ड्यूटी पर आए तीन होमगार्ड को ट्रैक्टर ने रौंदा, हालत गंभीर; कई मीटर तक घसीटते ले गया कल्टीवेटर
श्रावस्ती से चुनाव ड्यूटी पर आए तीन होमगार्ड को शनिवार की रात इरादत नगर में ट्रैक्टर ने रौंद दिया। कल्टीवेटर में फंसे एक होमगार्ड को ट्रैक्टर कई मीटर दूर घसीटते ले गया।दुर्घटना में गंभीर घायल तीनों होमगार्ड को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। एक होमगार्ड की हालत चिंताजनक है। घटना शनिवार रात 11 बजे की बताई गई है।
जागरण टीम, आगरा। श्रावस्ती से चुनाव ड्यूटी पर आए तीन होमगार्ड को शनिवार की रात इरादत नगर में ट्रैक्टर ने रौंद दिया। कल्टीवेटर में फंसे एक होमगार्ड को ट्रैक्टर कई मीटर दूर घसीटते ले गया।दुर्घटना में गंभीर घायल तीनों होमगार्ड को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। एक होमगार्ड की हालत चिंताजनक है।
तीनों होमगार्ड सड़क किनारे खड़े थे
वहीं, हादसे से आक्रोशित होमगार्डों ने इरादत नगर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। घटना शनिवार रात 11 बजे की बताई गई है। श्रावस्ती जिले से चुनाव ड्यूटी पर अाए होमगार्ड उमेश कुमार, लच्छाराम और कौशल कुमार की कंपनी को इरादत नगर में ठहराया गया है।
बताया जाता है कि इरादत नगर-शमसाबाद रोड पर पुलिस के साथ चेकिंग कराने के बाद तीनों होमगार्ड सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान सामने से आते ट्रैक्टर ने तीनों को चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर में कल्टीवेटर लगा हुआ था। होमगार्ड उमेश कुमार कल्टीवेटर में की चपेट में आकर कई मीटर तक घिसटते चले गए। खून से स़ड़क लाल हो गई।
उमेश कुमार की हालत चिंतानजक
दुर्घटना के बाद चालक ने ट्रैक्टर को नहीं रोका। दो किलोमीटर दूर ट्रैक्टर को खड़ा करके चालक भाग गया। घायल तीनों होमगार्ड को पुलिस एसएन इमरजेंसी लेकर पहुंची। इधर, दुर्घटना से आक्रोशित होमगार्डों ने इरादत नगर में सड़क पर जाम लगा दिया। जानकारी होने पर एसीपी सर्किल मौके पर पहुंच गए। डीसीपी पश्चिमी जोन सोनम कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीनों होमगार्ड को एसएन में भर्ती कराया गया है। उमेश कुमार की हालत चिंतानजक है।