कासगंज में बोले अमित शाह, जहां जाता हूं वहां मोदी- मोदी का ही नारा सुनाई देता है
भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने के लिए शाह पहुंचे हैं।
आगरा, जेएनएन। एटा संसदीय क्षेत्र में चुनावी समीकरण को साधने के लिए कासगंज के पटियाली पहुंचे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करने की शुरुआत भारत माता के जयघोष से की। इसके बाद सभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनानी और घोषणा पत्र में भाजपा की योजनाओं को बताया। कहा कि भाजपा ने घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि भाजपा सरकार किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज देगी। सभी किसानों को छह हजार करोड़ देने का काम भाजपा कर रही है। जो किसान साठ वर्ष का हो जाएगा उसे पेंशन भी मोदी सरकार देगी। आजादी के बाद पहली बार किसानों को पेंशन मिलेगी। छोटे किसानों और छोटे व्यापारियों को भी भाजपा सरकार पेंशन देगी। छोटे व्यापारियों को दस लाख रुपए तक का इंश्योरेंस देने का काम भी भाजपा करेगी। 40 लाख तक जिसका टर्नओवर है उनकी जीएसटी भी माफ की है।
एटा संसदीय सीट के भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने की शुरुअात करते हुए शाह ने तुलसी दास की जन्म भूमि को प्रणाम किया। कहा कि जहां भी जाता हूं एक ही नारा सुनाई देता है मोदी- मोदी। अगले प्रधानमंत्री मोदी होंगे। जनता एकजुट है। चुनाव में दो खेमे हैं एक तरफ मोदी, दूसरी तरफ विपक्ष। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए शाह बोले कि जनता बुआ भतीजा और राहुल गांधी को स्वीकार नहीं कर रही। चुनाव खत्म होते ही गठबंधन तार तार होने वाला है। जातिवादी पार्टी देश का भला नही कर सकती। प्रदेश की जनता 15 साल तक सपा बसपा को देख चुकी है।
ये भी पढ़ें- लोगों ने मोदी को फिर पीएम बनाने का मन बनाया : शाह
सरकार की उपलब्ध्यिां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने शौचालय दिए लेकिन जाति नहीं पूछी। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कहा कि सपा बसपा सरकार में गुंडे परेशान करते थे लेकिन आज गुंडे समर्पण कर रहे हैं। उन्हें डर है कि कहीं एनकाउंटर न हो जाए।
अमित शाह ने एटा में मेडिकल कॉलेज सहित अन्य उपलब्धियां भी गिनाईं। कहा कि यह काम मोदी सरकार ने किया। घुंघरू उद्योग को एक जनपद एक उत्पाद के तहत खोलने, अलीगढ़ के ताला उधोग को बढ़ाने का काम भी सिर्फ मोदी सरकार में ही संभव हो सका। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सबसे बड़ा काम हुआ भ्रष्टाचार को मिटाने का। अखिलेश माया कहते हैं कि शासन दो और कहते हैं कि सरकार की तुलना कर लो। भाजपा अध्यक्ष बोले कि हमने निजाम से मुक्ति दिलाई। निजाम यानी निजामुद्दीन सिद्दीकी, इमरान मसूद, आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी से मुक्ति भाजपा सरकार में ही मिली है। अगर वो आए तो जनता स्वयं सोच ले।
आतंक के मुद्दे पर भाजपा सख्त
अमित शाह बोले कि देश को सुरक्षित करने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। दस वर्षों तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही। सोनिया की सरकार में आतंकी देश में घुस जाते थे। पुलवामा में हमला हुआ। मौनी बाबा मनमोहन की सरकार नहीं थी। मोदी की सरकार थी। इसलिए तेरहवीं के दिन पाक में हमला हुआ। भारत की एयर स्ट्राइक के बाद दो जगह मातम छाया।एक पाकिस्तान में। दूसरा मातम सपा, बसपा कांग्रेस खेमे में। आतंक के मुददे पर विपक्ष पर हमला बोलते हुए शाह बोले कि क्या आतंकी उनके चचेरे भाई लगते हैं। वार्ता की बात करते हैं। वो इलू इलू करें। हमारा कहना साफ है। पाक से गोली आएगी तो यहां से गोला जाएगा। शाह ने कहा कि एक बार मोदी सरकार आ जाए तो घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे। पांच साल और मोदी जी को मिल जाएं तो भारत महाशक्ति बन जाएगा। मतदाताअों को जागरुक करते हुए बोले कि जाति का भेद भूल कर वोट करें।