Punjab Weather Update: आज से पंजाब के कुछ जिलों में छा सकते हैं बादल, 8 नवंबर के बाद वर्षा के आसार
पंजाब में आज से मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग की मानें तो पठानकोट गुरदासपुर अमृतसर व तरनतारन जिलों में बादल छा सकते हैं। लुधियाना में आज सुबह ठंड बढ़ गई। सुबह 7 बजे के करीब पारा 13 डिग्री सेल्सियस रहा।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब में मौसम का मिजाज रविवार से बदल सकता है। मौसम विभाग के विज्ञानियों के अनुसार रविवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन जिलों में बादल छा सकते हैं। इसके अलावा 8 नवंबर से पश्चिम हिमालय क्षेत्र और मैदानी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इससे राज्य के कुछ जिलों में वर्षा हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि प्रदूषण और नमी बढ़ने के कारण धुंधलापन है। जब तक वर्षा नहीं होती, तब तक यह स्थिति बनी रहेगी। पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की मौसम वैज्ञानिक डा. प्रभजोत कौर सिद्धू का कहना है कि इस समय जो स्थिति बनी है उसे फोटोकैमिकल स्माग कहते हैं।
यह तब होता है जब सूर्य की पराबैंगनी किरणें वायुमंडल में नाइट्रोजन आक्साइड के साथ प्रतिक्रिया करती हैं। यह भूरे रंग की धुंध के रूप में दिखाई देता है। हवा धीमी होने से स्माग एक जगह पर टिकी रहती है। इस कारण सूर्य की किरणें धरती तक नहीं पहुंचती हैं।
सुबह पारा 13 डिग्री सेल्सियस पर आया, एक्यूआइ भी खराब स्थिति में
लुधियाना में रविवार की सुबह ठंड बढ़ गई। सुबह सात बजे के करीब पारा 13 डिग्री सेल्सियस रहा। दो से तीन किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से हवा भी चल रही थी। जिससे ठिठुरन महसूस हो रही थी। वहीं दूसरी तरफ एयर क्वालिटी इंडेक्स भी 300 के स्तर पर रहा।
सुबह घनी स्माग रही। जिसकी वजह से आसमान धुंधला नजर आ रहा था। सैर के लिए निकले लोग स्माग के चलते परेशान दिखे। उधर, मौसम विभाग की मानें तो आज और कल मौसम ड्राई रहेगा। 8 नवंबर से मौसम बदलेगा। लुधियाना में बादल छाए रहने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।