यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
26 मार्च को दूध व सब्जियों की सप्लाई रहेगी ठप, एक दिन पहले ही कर लें खरीदारी; जानें वजह
Bharat Bandh 26th March भारत बंद को कामयाब बनाने के लिए दूध-सब्जी की सप्लाई भी बंद रखने की घोषणा की ...और पढ़ें

जालंधर, जेएनएन। Bharat Bandh 26th March : संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान पर दोआबा किसान संघर्ष कमेटी ने 26 मार्च के भारत बंद को कामयाब बनाने के लिए दूध-सब्जी की सप्लाई भी बंद रखने की घोषणा की है। इस बात की जानकारी शुक्रवार को संगठन के महासचिव दवेंदर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि बंद के दिन मेडिकल इमरजेंसी सेवाओं को छूट दी जाएगी। बंद के दिन दूध सप्लाई तथा सब्जी मंडी भी बंद रखी जाएगी। लोग सुविधा के लिए एक दिन पहले ही खरीद लें।
उन्होंने कहा कि 26 मार्च को सुबह से लेकर साम तक बंद के दिन पठानकोट रोड पर नाजमदीनपुर में रोड व ट्रेनों की आवाजाही रोककर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 23 मार्च को खटकड़ कला में शहीद भगत सिंह, सुखदेव तथा राज गुरु को महा पंचायत कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि फसल की अदायगी सीधे किसान के खाते में डालने के लिए सरकार अड़ी है। नौ लाख किसान ही अपनी जमीन में खेती करते हैं। 16 लाख किसान ऐसे हैं, जिनके पास दो या तीन एकड़ जमीन है लेकिन खेती के लायक नहीं है। उसके लिए मशीनरी व तकनीक की जरूरत होती है। ऐसे में उसे मजबूरीवश ठेके पर देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सीधे पेमेंट के बजाय उसे अदायगी करे, जो वहां खेती करता है।
एफसीआइ पर गैर जरूरी शर्तें लागू करने का आरोप
उन्होंने कहा कि फूड कार्पोरेशन ऑफ इंडिया गैरजरूरी शर्तें लागू कर किसानों को परेशान कर रहा है। नई शर्तों के मुताबिक गेहूं का टोटा चार से घटाकर दो फीसदी कर दिया गया है। इस बार खरीदी जाने वाली गेंहू के लिए नमी की दर 14 से घटाकर 12 फीसदी कर दी गई है। इसके अलावा गेहूं में मिट्टी आदि 4 से 0 फीसदी कर दी है। इस मौके बलजीत सिंह घोड़ावाही, परमिंदर सिंह, मनजिंदर सिंह, ओंकार सिंह, राजविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह आदि किसान नेता मौजूद थे।
