Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Maharashtra Election: MVA के 22 प्रत्याशियों की जमानत जब्त, सबसे अधिक कांग्रेस के; भाजपा का एक भी प्रत्याशी नहीं

    Updated: Tue, 26 Nov 2024 11:51 PM (IST)

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महा विकास अघाड़ी को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। चुनाव बाद अब चौंकाने वाले नतीजे सामने आ रहे हैं। महा विकास अघाड़ी के कुल 22 और महायुति के कुल छह प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। सबसे अधिक नौ प्रत्याशी कांग्रेस हैं। अमित ठाकरे को छोड़कर मनसे का कोई प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा पाया है।

    Hero Image
    Maharashtra Election 2024: महा विकास अघाड़ी को जमानत का भी हुआ नुकसान।

    डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति की प्रचंड जीत के बाद चौंकाने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। चुनाव मैदान में उतरने वाले करीब 85 फीसदी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। मुंबई उपनगरीय में 261 और पुणे में 260 उम्मीदवारों को अपनी जमानत राशि से हाथ धोना पड़ा है। सबसे अधिक महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन के 22 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। इसमें में कांग्रेस सबसे आगे रही है। पार्टी के नौ प्रत्याशियों की जमानत राशि आयोग ने जब्त कर ली है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    3,515 प्रत्याशियों की जमानत जब्त

    भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में 3,515 उम्मीदवारों की जमानत राशि जब्त की। यह कुल 4,136 प्रत्याशियों का 85 फीसद है। साल 2014 में 83.1 और 2019 में 80.5 फीसदी प्रत्याशियों को अपनी जमानत राशि खोनी पड़ी थी। 2014 में जब्त की गई राशि 3.4 करोड़ और 2019 में 2.6 करोड़ रुपये थी। मगर 2024 में यह आकंड़ा 3.5 करोड़ पहुंच गया है। यह पिछले 10 साल में जब्त की गई सर्वाधिक राशि है।

    उद्धव के आठ प्रत्याशी नहीं बचा पाए जमानत

    टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक महाविकास अघाड़ी के कुल 22 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। इनमें अकेले नौ प्रत्याशी कांग्रेस के हैं। उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) को आठ और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) को तीन सीटों पर अपनी जमानत खोनी पड़ी। खास बात यह है कि प्रदेश की सभी 288 सीटों में से किसी पर भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त नहीं हुई। शिंदे की पार्टी शिवसेना को एक और अजित पवार की एनसीपी को पांच सीटों पर जमानत गंवानी पड़ी।

    क्या है जमानत जब्त का नियम?

    विधानसभा चुनाव में हर उम्मीदवार को अपने नामांकन के साथ 10 हजार रुपये की जमानत राशि जमा करानी पड़ती है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रत्याशियों को पांच हजार की राशि जमा करानी होती है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम- 1951 के मुताबिक जब कोई प्रत्याशी कुल वैध मतों का छठा हिस्सा प्राप्त करने में विफल होता है तो आयोग उसकी जमानत राशि जब्त कर लेता है।

    किसे-कितनी सीटों पर मिली जीत?

    महाराष्ट्र चुनाव में महायुति को 236 सीटों पर जीत मिली है। महाविकास अघाड़ी सिर्फ 48 सीटों पर सिमट गया है। सबसे अधिक 132 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं। 57 सीटों पर शिवसेना और 41 पर एनसीपी को जीत मिली है। महा विकास अघाड़ी से सबसे अधिक 20 सीटों पर शिवसेना (यूबीटी) को कामयाबी मिली। कांग्रेस 16 और एनसीपी (SP) को 10 और सपा को दो सीटों पर जीत मिली है।

    यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में जागे हिंदू, चिन्मय की गिरफ्तारी का भारी विरोध; पुलिस ने बरसाईं लाठियां और दागे आंसू गैस के गोले

    यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष को पाकिस्तान से मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा