सात सौ करोड़ में बिकी जीन मिशेल की पेंटिंग
जीन मिशेल की पेंटिंग के एक विशेषज्ञ और डीलर जेफ्रे डायचे ने बताया, 'वह अब फ्रांसिस बेकोन और पाब्लो पिकासो के स्तर पर आ गए हैं।'
न्यूयॉर्क, प्रेट्र। अमेरिकी कलाकार जीन मिशेल बास्केट की एक अनाम पेंटिंग यहां 11 करोड़ 05 लाख डॉलर (करीब 710 करोड़ रुपये) में नीलाम हुई है। इतनी अधिक कीमत पर नीलाम होने के बाद 1982 में बनाई गई इस पेंटिंग ने छठी सबसे अधिक महंगी बिकने वाली कलाकृति होने का रिकॉर्ड बनाया है। अन्य सिर्फ दस कलाकृतियां ही 10 करोड़ डॉलर का आंकड़ा पार कर पाई हैं।
जीन मिशेल की पेंटिंग के एक विशेषज्ञ और डीलर जेफ्रे डायचे ने बताया, 'वह अब फ्रांसिस बेकोन और पाब्लो पिकासो के स्तर पर आ गए हैं।' अमेरिकी कलाकार की इस पेंटिंग में एक इंसानी खोपड़ी की शक्ल बनी है। नीलामी से पहले इस पेंटिंग की संभावित कीमत 600 लाख डॉलर मानी गई थी।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जीन मिशेल की इस पेंटिंग को एक जापानी करोड़पति युसाकू मेजवा ने न्यूयॉर्क स्थित सॉथबे नीलामीघर में खरीदा है। उन्होंने कहा, 'मैं खुश हूं कि इस कृति को मैंने जीत लिया है। जब मैंने पहली बार इस पेंटिंग को देखा, कला के प्रति अपने प्रेम और उत्साह के कारण मैं बहुत प्रभावित हुआ। मैं जितना संभव हो, उतने लोगों के साथ उस अनुभव को साझा करना चाहता हूं।'
जीन मिशेल की इस कृति ने कुछ अन्य रिकॉर्ड भी बनाए हैं। किसी अफ्रीकी-अमेरिकी कलाकार और 1980 के बाद बनी यह पहली पेंटिंग है, जो दस करोड़ डॉलर से अधिक में बिकी है। इसके अलावा किसी भी अमेरिकी कलाकार की 10 करोड़ डॉलर से अधिक के क्लब में शामिल होने वाली यह पहली कृति है।
यह भी पढ़ें: कबाड़ बन चुके रेलवे कोच की विदेशी ने बदली तस्वीर, पेंटिंग देख ठहर गए लोग