Move to Jagran APP

झारखंड में 4 सीटों पर मतदान खत्म, 63 प्रतिशत हुई वोटिंग; कल्पना सोरेन सहित 54 प्रत्याशियों का भाग्य EVM में कैद

Jharkhand Lok Sabha Election लोकसभा चुनाव के लिए देशभर में पांचवे चरण का मतदान संपन्न हो गया है। झारखंड में भी चार सीटों पर पूरी तरह शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ है। प्रदेश में कुल चार सीटों पर 63 प्रतिशत वोट पड़े। चतरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे ज्यादा मतदान हुआ तो वहीं कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम वोटिंग हुई।

By Neeraj Ambastha Edited By: Shashank Shekhar Mon, 20 May 2024 09:13 PM (IST)
झारखंड में 4 सीटों पर मतदान खत्म, 63 प्रतिशत हुई वोटिंग; कल्पना सोरेन सहित 54 प्रत्याशियों का भाग्य EVM में कैद
झारखंड में 4 सीटों पर मतदान खत्म, 63 प्रतिशत हुई वोटिंग

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण की तीन सीटों पर भी सोमवार को मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। तीनों संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों चतरा, कोडरमा और हजारीबाग में मतदाताओं ने मतदान में पूरा उत्साह दिखाया।

शाम सात बजे तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, तीनों सीटों पर लगभग 63 प्रतिशत वोट पड़े। पिछले चुनाव में लगभग 65 प्रतिशत वोट पड़े थे। हालांकि इस चुनाव के आंकड़े देर रात तक अपडेट होने पर कुछ बढ़ सकते हैं। झारखंड विधानसभा की गिरिडीह सीट पर भी उपचुनाव संपन्न हो गया। यहां भी शांतिपूर्ण चुनाव हुआ है। यहां मतदाताओं ने जमकर अपने मताधिकार का प्रयाेग किया। कुल 68.26 प्रतिशत वोट पड़े।

इस चरण के मतदान के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विधायक मनीष जायसवाल, जेपी पटेल, ढुल्लू महतो, विनोद कुमार सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी सहित 54 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। इनमें चतरा के 22, कोडरमा के 15 तथा हजारीबाग के 17 उम्मीदवार सम्मिलित हैं।

चतरा में लगभग 62.96 तो कोडरमा में 61.86 प्रतिशत वोटिंग

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, चतरा में लगभग 62.96 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, कोडरमा में लगभग 61.86 प्रतिशत वोट पड़े। हजारीबाग में सबसे अधिक लगभग 64.32 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में भी मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। कहीं भी किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत चुनाव आयोग को नहीं मिली।

मतदान के बाद मतदान कर्मी पूरी प्रक्रिया के तहत ईवीएम को सील कर अपने क्लस्टर के लिए रवाना हो गए। इससे पहले, संसदीय निर्वाचन की तीनों सीटों के सभी 6,705 केंद्रों पर निर्धारित समय सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। शुरू से ही अधिसंख्य मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखा गया।

कतारों में बड़ी संख्या में महिला और बुजुर्ग थे। युवाओं और दिव्यांगों ने भी लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लिया। मतदान प्रतिशत की बात करें तो पीठासीन पदाधिकारी की अंतिम रिपोर्ट तथा रजिस्टर के मिलान के बाद मतदान का आंकड़ा कुछ और बढ़ने की संभावना है। वर्तमान आंकड़ा में पोस्टल बैलेट से हुए मतदान का आंकड़ा भी नहीं जोड़ा गया है।

कल्पना सोरेन के मतदान केंद्र के अंदर जाने पर कार्रवाई के निर्देश

गांडेय उपचुनाव के दौरान झामुमो प्रत्याशी कल्पना सोरेन के एक मतदान केंद्र के अंदर जाने पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा रिपोर्ट देने का निर्देश उपायुक्त को दिया।

झारखंड में सात सीटों पर मतदान संपन्न

दो चरणों में मतदान के बाद झारखंड में आधी अर्थात सात सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। इनमें सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा, पलामू, चतरा, कोडरमा तथा हजारीबाग सम्मिलित हैं। छठे चरण में रांची, धनबाद, जमशेदपुर तथा गिरिडीह संसदीय सीटों पर 25 मई को मतदान होना है। अंतिम चरण में संताल की तीन सीटों राजमहल, दुमका और गोड्डा में एक जून को वोट पड़ेंगे।

कब कितना हुआ मतदान (शाम सात बजे तक, आंकड़े प्रतिशत में)

  • सीट               2014     2019     2024
  • चतरा             54.32    64.97    62.96
  • कोडरमा        62.51    66.68     64.32
  • हजारीबाग      63.69    64.85    61.86

ये भी पढ़ें-

UPSC IFS 2023 Topper: झारखंड की बेटी बनी आईएफएस टॉपर, कुछ ऐसा रहा है सफर

झारखंड में गरजेंगी प्रियंका गांधी, कल्पना सोरेन भी देंगी साथ; तैयारी में जुटे पार्टी के नेता