फ्रांस में राष्ट्रपति चुनाव आज, इनका पलड़ा है भारी
अप्रैल में हुए प्रथम दौर के मतदान में भी मैक्रों को बढ़त हासिल हुई थी। मैक्रों ने जहां अर्थव्यवस्था में सुधार की बात कही है, वहीं पेन ने संरक्षणवादी तरीकों से देश को मजबूत बनाने की पक्षधर हैं।
पेरिस, रायटर/एएफपी। पांच साल के लिए नए राष्ट्रपति को चुनने के लिए रविवार को फ्रांस की जनता ने मतदान किया। मतदान पूर्व के सर्वे बता रहे हैं कि मध्यमार्गी इमैनुएल मैक्रों (39) का पलड़ा भारी है। वह फ्रांस्वा ओलांद की सरकार में वित्त मंत्री भी रहे हैं। लेकिन नेशनल फ्रंट उम्मीदवार मैरीन ल पेन (48) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरह कोई बड़ा उलटफेर कर सकती हैं। दक्षिणपंथी पेन को मुस्लिमों के खिलाफ, आव्रजकों का विरोधी और यूरोपीय यूनियन का विरोधी माना जाता है। चुनाव परिणाम रविवार मध्य रात्रि तक आ सकता है।
काफी उतार-चढ़ाव वाले चुनाव प्रचार के बाद आखिर रविवार को फ्रांस की जनता ने अपने नए राष्ट्रपति को चुनने के लिए मतदान कर दिया। प्रचार के दौर में उम्मीदवारों से जुड़े कई स्कैंडल सामने लाए गए और हैरतअंगेज कारनामों को जनता के सामने लाने की कोशिश हुई। आखिरी दौर में मैक्रों से जुड़े कुछ ईमेल भी सार्वजनिक हुए। बावजूद इस सबके मैक्रों अपनी प्रतिद्वंद्वी ल पेन पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं। सर्वे में मैक्रों को पेन से करीब 26 प्रतिशत मत ज्यादा मिले हैं।
अप्रैल में हुए प्रथम दौर के मतदान में भी मैक्रों को बढ़त हासिल हुई थी। मैक्रों ने जहां अर्थव्यवस्था में सुधार की बात कही है, वहीं पेन ने संरक्षणवादी तरीकों से देश को मजबूत बनाने की पक्षधर हैं। कुछ मतदाता महज पेन को रोकने के लिए मैक्रों को वोट देने को तैयार हुए। दोनों में कोई भी जीते लेकिन फ्रांस में इस बार रिकॉर्ड बनेगा। मैक्रों के जीतने पर सबसे कम उम्र का राष्ट्रपति बनेगा तो ल पेन जीतीं तो देश को पहली महिला राष्ट्रपति मिलेगी। आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गए थे। मतदान स्थलों के नजदीक 50 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सेना को भी सतर्क रखा गया था।
राष्ट्रपति चुनाव के बाद एंजेला मर्केल से मिलेंगे फ्रांस्वा ओलांद
खबर है कि फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद देश में राष्ट्रपति चुनाव के बाद जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल से मुलाकात करने बर्लिन जाएंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, देश में राष्ट्रपति चुनाव के विजेता के एलान के बाद ओलांद, एंजेला मर्केल से मिलेंगे। आपको बता दें कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मैरीन ल पेन ने चुनाव अभियान में प्रतिद्वंदी मैक्रोन पर जर्मनी से निकट संबंध रखने का आरोप लगाया है।
यह पढ़ें: यूरोप की तकदीर तय करेंगे फ्रांस के चुनाव