गुजरात: स्कूलों के पाठ्यक्रम में होंगे रिलायंस समूह संस्थापक धीरुभाई
गुजरात के स्कूल पाठ्यक्रम में जल्द ही रिलायंस समूह के संस्थापक धीरुभाई अंबानी के बारे में भी पढाया जाएगा। इससे पहले महाराष्ट्र में भी अंबानी का पाठ शामिल किया जा चुका है। ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता लेखक उमाशंकर जोशी व पन्नालाल पटेल के पाठ भी बच्चों को पढाए जाएंगे।
अहमदाबाद। गुजरात के स्कूल पाठ्यक्रम में जल्द ही रिलायंस समूह के संस्थापक धीरुभाई अंबानी के बारे में भी पढाया जाएगा। इससे पहले महाराष्ट्र में भी अंबानी का पाठ शामिल किया जा चुका है। ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता लेखक उमाशंकर जोशी व पन्नालाल पटेल के पाठ भी बच्चों को पढाए जाएंगे।
गांधीनगर में शिक्षा विभाग की बैठक में स्कूली पाठ्यक्रम पर चर्चा हुई, जिसमें रिलायंस समूह के संस्थापक धीरुभाई अंबानी सहित ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता लेखक उमाशंकर जोशी व लेखक पन्नालाल पटेल की जीवनी पाठ्यक्रम में शामिल करने पर विचार किया गया।
शिक्षामंत्री भूपेन्द्र सिंह चूडास्मा ने इसकी पुष्टि की है, उनका कहना है कि बैठक में अंबानी, जोशी व पटेल की जीवनी को पाठ्यक्रम में लेने पर सर्वसम्मति से फैसला हुआ लेकिन इसकी रूपरेखा तैयार करने में वक्त लगेगा।
जूनागढ के चोरवाड में 28 दिसंबर 1932 को जन्मे धीरुभाई अंबानी स्कूल शिक्षा के बाद यमन चले गए थे, जहां 10 साल एक पेट्रो कंपनी में काम करने के बाद मुंबई लौटकर उन्होंने पहले आयात-निर्यात व शेयर बाजार में किस्मत आजमाई। उसके बाद अहमदाबाद आकर टेक्सटाइल मिल डाली, इससे देश में पहली बार आधुनिक पॉलिएस्टर बनना शुरू हुआ।