MP: शहडोल में दिवाली का उत्सव मातम में बदला, सट्टे में पैसे के लेन-देन को लेकर बढ़ा विवाद; 2 भाइयों ने की 2 युवकों की हत्या
शहडोल में दीपावली की रात जुआ खेलने के विवाद में दो युवकों की 2 भाइयों ने मिलकर हत्या कर दी। हमला गंभीर होने के कारण दोनों युवकों की ऑन द स्पॉट मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन और शेखर दोनों भाई हैं। इन दोनों भाइयों ने मिलकर रिजवान और सीनू पर चाकू से हमला किया था।बता दें जब ये हत्या हुई तो उस दौरान कई लोग मौजूद थे।

शहडोल, नई दुनिया/जागरण डेस्क। रविवार यानी 12 नवंबर को देशभर में दिवाली का त्योहार मनाया गया। खुशी के इस उत्सव में कई लोग एक-दूसरे को मिठाई बांटते है तो कोई जुआ खेल कर अपना मनोरंजन करता है। हालांकि, दिवाली जैसे पावन अवसर पर जुआ खेलना कभी-कभी जान को भी दांव पर लगा देता है।
इसी कड़ी में एक मामला संभागीय मुख्यालय से आ रहा है, जहां दिवाली की रात जुआ खेलते समय विवाद इतना बढ़ गया कि दो लोगों की हत्या हो गई। बता दें कि मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किए गए हैं और इसी दौरान हत्या की घटना की जानकारी पुलिस को मिली। दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र के दरभंगा चौक में जुआ फड़ संचालित किया गया था। इस दौरान दो पक्षों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद बढ़ गया।
2 भाइयों ने की 2 युवकों की हत्या
विवाद इतना ज्यादा बढ़ा कि रिजवान कुरैशी और सीनू लक्ष्मण को रेलवे कॉलोनी स्थित चांदनी चौक पर दो भाइयों ने मिलकर चाकू घोंप दिया। हमला गंभीर होने के कारण दोनों युवकों की ऑन द स्पॉट मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी सचिन और शेखर दोनों भाई हैं। इन दोनों भाइयों ने मिलकर रिजवान और सीनू पर चाकू से हमला किया था।
हत्या का बनाते रहे लोग वीडियो
बता दें कि जब ये हत्या हुई तो उस दौरान कई लोग मौजूद थे। कई लोग अपने घरों की छत पर खड़े होकर घटना को होते हुए देख रहे थे और मोबाइल में कैद कर रहे थे। किसी ने भी दोनों युवकों को बचाने की जरा भी कोशिश नहीं की। सभी लोग हत्या का वीडिया बनाते रहे। इस बीच स्थानीय लोगों ने कोतवाली पुलिस व कंट्रोल रूम और पुलिस की डायल हंड्रेड को सूचित किया था। लेकिन, घटना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके कारण आरोपित घटना को बेखौफ तरीके से अंजाम देकर वहां से फरार हो गए।
गिरफ्तार हुए आरोपी
खून से लथपथ दोनों युवकों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के परिवार पर दबाव बनाया, जिसके बाज दोनों आरोपियों ने सरेंडर कर दिया। कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।