World Mosquito Day 2025: इन देसी नुस्खों से दूर भागेंगे मच्छर, डेंगू-मलेरिया से भी होगा बचाव
बरसात के मौसम में मच्छर कई बीमारियों का कारण बनते हैं इसलिए मच्छरों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया जाता है। इनसे होने वाली बीमारियां जैसे मलेरिया डेंगू और चिकनगुनिया जानलेवा हो सकती हैं। मच्छरों को दूर रखने के लिए कुछ नेचुरल तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बरसात के मौसम में कई सारी चीजें परेशानी की वजह बनी रहती हैं। इन्फेक्शन से लेकर कई तरह की बीमारियों तक, मानसून में कई वजहों से हमारी तबीयत खराब होती है। मच्छर इन्हीं वजहों में से एक है, जो बरसात के दिनों में कई तरह की बीमारियों का कारण बनते हैं। इसलिए इन्हें लेकर लोगों को जागरूक करने के मकसद से हर साल 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस (World Mosquito Day 2025) मनाया जाता है।
इन्हें लेकर लोगों को जागरूक करने के पीछे मच्छरों से होने वाली कई गंभीर बीमारियां हैं, तो कई बार जानलेवा तक साबित हो सकती हैं। मच्छरों से होने वाली बीमारियां जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जीवन के लिए खतरा हैं। इसलिए जरूरी है कि इनसे बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखा जाए और साथ ही इन्हें दूर रखने के लिए रिपेलेंट का इस्तेमाल किया जाए। आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कुछ ऐसे नेचुरल तरीकों के बारे में, जिनकी मदद से आप मच्छरों को खुद से और अपने परिवार से दूर रख सकते हैं।
कपूर
पूजा में इस्तेमाल होने वाला कपूर मच्छरों को भगाने में भी मदद करता है। कपूर की गोलियों को बंद कमरे में कुछ मिनट के लिए जलाने से मच्छर तुरंत भाग जाते हैं। यह एक आजमाया हुआ घरेलू नुस्खा है, जिसमें हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल भी नहीं होता है।
तुलसी
तुलसी का पौधा कई समस्याओं का इलाज माना जाता है। यह मच्छरों को भगाने में भी काफी मदद करता है। खिड़की या दरवाजों के सामने इसका पौधा लगाने से मच्छर दूर भागते हैं। दरअसल, इसकी तेज खुशबू से कीड़े-मकोड़े दूर भागते हैं और घर के अंदर की हवा नेचुरली साफ होती है।
लैवेंडर
अपनी शानदान खुशबू की वजह से अक्सर लोग लैवेंडर का इस्तेमाल रूम फ्रेशनर के तौर पर करते हैं, लेकिन मच्छरों के लिए इसकी यही खुशबू सिरदर्द का काम करती है। दरअसल, इसकी तेज सुगंध से मच्छर दूर भागते हैं। इसका एसेंशियल ऑयल मच्छर भगाने का काम करता है। साथ ही इसकी कुछ बूंदें डिफ्यूजर में डालकर या तेल में मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
नीम का तेल
सदियों से आयुर्वेद में नीम का इस्तेमाल कई समस्याओं को दूर करने के लिए किया जा रहा है। साथ ही यह मच्छरों को दूर भगाने में भी मदद करता है। नारियल के तेल में इसके तेल की कुछ बूंदें मिलाकर त्वचा पर लगाने से सुरक्षा कवच मिलता है।
लहसुन का स्प्रे
मच्छरों को घर से दूर रखने के लिए आप लहसुन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। कुटी हुई लहसुन की कलियों को पानी में उबालकर पूरे घर में छिड़कने से मच्छर को भगाने में मदद मिलती है। इसकी तीखी गंध कीड़ों को दूर भगाने का काम करती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।