अपने बगीचे को दें जादुई लुक! इन फूलों से बनाएं खूबसूरत Moon Garden; चांदनी रात में महक उठेगा पूरा घर
मून गार्डन एक वेस्टर्न कॉन्सेप्ट है जिसमें चांदनी रातों में चमकने और खुशबू फैलाने वाले पौधे लगाए जाते हैं। रात के समय ये आपके घर को महकाने का काम करते हैं। अगर आप भी अपने घर में मून गार्डन बनाने की सोच रहे हैं तो हमने आपको कुछ आसान टिप्स दिए हैं।
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शायद ही कोई होगा जो अपने घर को खूबसूरत नहीं बनाना चाहता होगा। घर की सुंदरता बढ़ाने के लिए सबसे आसान तरीका है कि आप खूब सारे पेड़ पौधे लगाएं। इससे रॉयल्टी तो आती है, साथ ही घर की हवा भी फ्रेश होती है। जब आपके घर, गार्डन या बालकनी में सुंदर-सुंदर फूल खिलते हैं तो एक पाॅजिटिव वाइब आती है। ज्यादातर लोग अपने गार्डन में ऐसे पौधे लगाते हैं जो सुबह खिलते हैं और दिनभर खूबसूरत दिखते हैं।
लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि शाम को जब बगीचे में चांदनी फैली हो और उस रोशनी में फूल-पत्ते चमकते हों, तो उसका नजारा ही कुछ और हो सकता है। इसी जादुई एहसास के लिए मून गार्डन बनाया जाता है। मून र्गाडन एक वेस्टर्न कॉन्सेप्ट है जिसे आप भी फॉलो करके अपने घर को रात में भी महका सकते हैं। मून गार्डन में ऐसे पौधे लगाए जाते हैं जो चांदनी रातों में चमकते हैं और खुशबू फैलाते हैं। ये माहौल एकदम सपने जैसा होता है। हम आपको कुछ खास फूलों के बारे में बताने जा रहे हैं जो चांदनी रात में आपके गार्डन काे चमका देंगे। आइए जानते हैं-
मूनफ्लावर (Ipomoea alba)
मूनफ्लावर किसी भी मून गार्डन के लिए सबसे जरूरी है। इसके बड़े, सफेद फूल शाम ढलते ही खिल जाते हैं। इसकी मीठी खुशबू आपको सुकून पहुंचा सकती है। ये एक बेल वाला फूल होता है जाे तेजी से बढ़ता है। दिन में ये धूप में पनपता है, लेकिन रात को इसकी सुंदरता और भी निखर जाती है।
ट्यूबरोज (Polianthes tuberosa)
ट्यूबरोज अपने लंबे डंठल और व्हाइट फ्लावर से गार्डन की खूबसूरती बढ़ा देता है। रात के समय इसकी खुशबू तो कुछ ज्यादा ही बढ़ जाती है। ये फूल किसी भी गार्डन को राेमांटिक बना सकता है। आप इसे अपने बालकनी में भी लगा सकते हैं।
ईवनिंग प्रिमरोज (Oenothera biennis)
ईवनिंग प्रिमरोज के फूल हल्के पीले रंग में होते हैं। ये शाम होते ही खिलने शुरु हो जाते हैं। चांदनी रात में ये फूल कुछ ज्यादा ही चमक जाते हैं। इसकी खास बात तो ये है कि इन्हें ज्यादा पानी देने की भी जरूरत नहीं होती है।
Image Credit- Freepik
डहलिया (Dahlia)
ये फूल बड़े-बड़े पोम-पोम जैसे दिखते हैं और कई रंगों में आते हैं। इनमें सफेद रंग भी शामिल है। ये गुलदस्ते के लिए भी बहुत अच्छे होते हैं। खासकर ये मूड गार्डन के लिए भी बेस्ट माने जाते हैं। इसकी खूबसूरती तो देखने लायक होती है।
फ्लावरिंग टोबैको (Flowering tobacco)
इसे निकोटियाना अलाटा के नाम से भी जाना जाता है। इसमें सफेद फूल खिलते हैं। साथ ही इनकी खुशबू इतनी मीठी होती है कि वो किसी को भी दीवाना बना सकती है। आपको बता दें कि मून गार्डन के लिए ज्यादातर सफेद फूल ही लगाए जाते हैं।
फोर ओ'क्लॉक फ्लावर्स (Four o’clock flowers)
इनका नाम इसलिए पड़ा क्योंकि ये दोपहर के बाद, लगभग चार बजे ही खुलते हैं। ये कई रंगों में आते हैं, जिनमें सफेद भी शामिल है। इनकी बनावट और खुशबू ऐसी होती है कि ये माहौल को एकदम खुशनुमा बना देती है। आप इसके पास बैठेंगे तो आपको खुद सुकून का एहसास होगा।
नाइट-ब्लूमिंग जैस्मिन (Cestrum nocturnum)
नाइट-ब्लूमिंग जैस्मिन जैसे ही सूरज ढलता है, अपनी तेज और मीठी खुशबू से माहौल को भर देता है। इसके छोटे-छोटे हरे-सफेद फूल दिन में भले ही खास न लगें, लेकिन रात में चांदनी में हल्की चमक के साथ बेहद खूबसूरत दिखते हैं। इसे गमले में या सीधे जमीन पर लगाया जा सकता है।
स्वीट एलिसम (Sweet alyssums)
ये फूल बहुत छोटे होते हैं और बड़ी संख्या में उगते हैं। ये रात में ओस या बर्फ गिरने का एहसास दिला सकते हैं। आपको गर्मी में ही ठंडक वाली फीलिंग चाहिए तो आपको मून गार्डन में ये फूल जरूर लगाना चाहिए।
कैसे बनाएं मून गार्डन?
- मून गार्डन बनाने के लिए आपको ज्यादा से ज्यादा सफेद फूलों वाले पौधों को अपने गार्डन में लगाना होगा। ये रात में चांद की रोशनी में और भी ज्यादा चमकेंगे। सिर्फ सफेद रंग के फूल ही चुनें। क्योंकि रात में ये बिल्कुल ऐसे लगेंगे जैसे गर्मी के मौसम में भी बर्फ गिर रही हो।
- अपने सफेद फूलों वाले Moon Garden में चांदी जैसे रंग की पत्तियाें वाले पौधे लगाएं। ये रात में फूलों के पास ऐसे लगेंगे जैसे चांद की रोशनी में बर्फ की बूंदें चमक रही हों।
- अपने गार्डन में कुछ ऐसी चीजों को रखें जो चांद की रोशनी को और भी ज्यादा चमकाएं। आप सफेद बजरी, हल्के भूरे पत्थर या गोल शीशे वाले बॉल्स (gazing balls) लगा सकते हैं। ये गार्डन की खूबसूरती को और बढ़ा देंगे।
- पौधों को लगाने से पहले मौसम का ध्यान रखें। Moon Garden साल भर खिलता रहे, इसके लिए आपको ऐसे पौधों को चुनना होगा जो आपके शहर की गर्मी और सर्दी दोनों को झेल सकें।
यह भी पढ़ें- Vertical Garden: क्या होता है वर्टिकल गार्डन? बिहार के इस शहर में होने जा रहा निर्माण; टेंडर प्रक्रिया शुरू
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।