यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जमीन-जायदाद में IAS अफसरों से पीछे नहीं झारखंड के IPS, रांची में सबसे ज्यादा संपत्ति; देखें अफसरों की लिस्ट
झारखंड में आईपीएस अफसरों की संपत्ति जमीन-जायदाद में आईएएस अफसरों से कम नहीं है। 117 आइपीएस अधिकारियों ने अपनी अचल ...और पढ़ें

HighLights
- आईपीएस अफसरों का संपत्ति ब्यौरा।
- रांची में जमीन-जायदाद में निवेश।
- शीर्ष आईपीएस अफसरों की संपत्ति।
प्रदीप सिंह, रांची। जमीन-जायदाद में निवेश सुरक्षित माना जाता है। इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी की अधिक गुंजाइश भी नहीं रहती और समय के साथ-साथ इसका मूल्य भी चढ़ता जाता है। अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारी भी जमीन-जायदाद के इस फायदे का भरपूर लाभ उठाते हैं और इसका मोह भी उनमें खूब है।
राज्य कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों के पास भूखंड, फ्लैट से लेकर ढ़ेरों अचल संपत्ति है। इसका ब्योरा उन्होंने केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय को दिया है। उनसे किसी मामले में भारतीय पुलिस सेवा के राज्य कैडर के अधिकारी पीछे नहीं हैं।
जमीन-जायदाद में वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को सीधी टक्कर दे रहे हैं। इस वर्ष राज्य कैडर के 117 भारतीय पुलिस सेवा के अफसरों ने केंद्र सरकार को ब्यौरा सौंपा है। इसकी बड़ी वजह केंद्र के स्तर पर चल रही कड़ाई है।
पहले ज्यादातर अधिकारी अपनी अचल संपत्तियों का ब्योरा देने में आनाकानी करते थे, लेकिन अनुशासनिक कार्रवाई के डर से इन्होंने इस वर्ष ब्योरा उपलब्ध कराया है।
ज्यादातर के पास आईएएस अधिकारियों की तर्ज पर राजधानी रांची समेत देश के महत्वपूर्ण शहरों में जमीन-जायदाद है। कुछ अफसरों के पास सीमित मात्रा में भूखंड और फ्लैट है तो कुछ इस मामले में ज्यादा समृद्ध हैं।
वरीयता क्रम में शीर्ष 10 आईपीएस अफसरों के पास अचल संपत्ति
- अनुराग गुप्ता (1990 बैच) - उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में फ्लैट और प्लाट, रांची के बोड़ेया और सांगा में भूखंड, पंचकूला, हरियाणा में पैतृक आवास।
- अनिल पालटा (1990 बैच) - रांची के सांगा में भूखंड, पंचकूला हरियाणा में फ्लैट, बंगाल के कोलकाता और वर्धमान में जमीनें।
- प्रशांत सिंह (1992 बैच)- उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर व नोएडा में जमीन-फ्लैट, रांची के अशोक नगर में भूखंड।
- मनविंदर सिंह भाटिया (1993 बैच) - रांची के हरमू सोसायटी में प्लाट, पंजाब के मोहाली में जमीन।
- संपत मीना ( 1994 बैच) - रांची के सांगा, खूंटी, रांची सदर और कांके ओएना में भूखंड।
- तदाशा मिश्रा (1994 बैच) - रांची के सांगा, अशोक नगर और नामकुम में जमीनें।
- संजय आनंदराव लाठकर (1995 बैच) - महाराष्ट्र के नांदेड़ में नौ स्थानों पर भूखंड, रांची में जमीन।
- नवीन कुमार सिंह (1996 बैच) - धनबाद के गोविंदपुर में आवास, रांची के कांके में भूखंड, हजारीबाग में जमीन।
- आशीष बत्रा (1997 बैच) - रांची के सांगा में भूखंड, हरियाणा के पंचकूला, दिल्ली और भोपाल में जमीन-जायदाद।
- सुमन गुप्ता (1997 बैच) - रांची के अरगोड़ा और हरमू में भूखंड।
ये भी पढ़ें- Jharkhand Teacher Transfer: झारखंड में शिक्षकों के अंतर जिला स्थानांतरण का रास्ता खुला, नई नीति लागू
