अब ऑनलाइन होगा जम्मू नगर निगम का कचरा शुल्क भुगतान, जारिए आम लोगों-दुकानदारों को कितना करना होगा भुगतान
जम्मू नगर निगम तीन महीने बाद फिर से ऑनलाइन राजस्व संग्रह शुरू करने जा रहा है। साइबर सुरक्षा ऑडिट के बाद यह सेवा फिर से शुरू हो गई है। निगम डोर-टू-डोर कचरा संग्रह के लिए यूजर चार्ज लेता है जो पहले ऑनलाइन बंद हो गया था। अब कर्मचारी मोबाइल ऐप से यूजर चार्ज एकत्र करेंगे जिससे पारदर्शिता आएगी।

जागरण संवाददाता, जम्मू : करीब तीन माह बाद एक बार फिर जम्मू नगर निगम ऑनलाइन राजस्व संग्रह शुरू करने जा रहा है। साइबर सिक्याेरिटी आडिट के बाद अब इसे दोबारा शुरू कर दिया गया है। एक-दो दिनों में वार्डों में तैनात कर्मचारी ऑनलाइन भुगतान लेना शुरू करेंगे।
जम्मू नगर निगम सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहित करने की एवज में यूजर चार्ज लेता है। कुछ महीने इसे ऑनलाइन लोगों से लिया गया लेकिन 29 अप्रैल को अचानक निगम की वेबसाइट व ऑनलाइन व्यवस्था चरमरा गई जिसके बाद मोबाइल ऐप व साइट्स को बंद करना पड़ा।
उसके बाद से कर्मचारी जीआर यानि सरकारी रसीद पर ही लोगों से यूजर चार्ज एकत्र कर रहे थे। इसको लेकर नगर निगम कर्मियों व आम लोगों-दुकानदारों में असमंजस की स्थिति बनती रहती थी। इस विवाद को समाप्त करने के लिए अब एक बार फिर से मोबाइल का उपयोग कर राजस्व जुटाने के निर्देश नगर निगम की ओर से दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Ladakh में सड़क हादसों में बहुमूल्य जानें बचा रही सेना, सरचू सड़क हादसे के घायलों को बचाने को इस्तेमाल किए हेलीकॉप्टर
यह रहेंगे यूजर चार्ज
आपको बता दें फिलहाल जम्मू निगम नगर निगम 2000 वर्ग फुट तक के घर से 100 रूपये और 2000 वर्ग फुट से अधिक घर से 200 रूपये मासिक यूजर चार्ज लेता है। इसके अलावा रेहड़ी से 100 रूपये, खाने पीने वाली दुकानों से 500 रूपये, गेस्ट हाउस, होटल पेइंग गेस्ट से 2000 रूपये, रेस्टोरेंट से 1000 रुपए, छोटी कॉटेज इंडस्ट्री से 2000 रूपये चार्ज वसूल करता है।
इसके साथ ही गोदाम कोल्ड, स्टेट स्टोरेज से 4000 रुपए, ऑटोमोबाइल शोरूम से 3000 रूपये, सर्विस स्टेशन 2000 रूपये, धार्मिक और चैरिटेबल इंस्टीट्यूशन से 1000 रुपए, डेरी से 2000 रूपये, 3 स्टार होटल से 3000 रूपये, मैरिज हॉल से 5000 रूपये प्रति महीना यूजर चार्ज वसूलता है।
वहीं कमर्शियल ऑफिस बैंक आदि से 1800 रुपए, क्लिनिक डिस्पेंसरी लैबोरेट्री से 2000 रूपये, नर्सिंग होम से 2500 रूपये और अस्पताल से 5000 रूपये यूजर टैक्स वसूला जाता है
हर साल 10 करोड़ यूजर चार्ज
जम्मू नगर निगम डोर-टू-डोर कचरा उठाने की एवज में यूजर चार्ज के रूप में हर साल करीब 10 करोड़ रुपये की राजस्व जुटाता है। निगम के प्रयासों के चलते अब यह राशि बढ़ी है। इस साल 11 करोड़ रुपये के करीब यूजर चार्ज जमा हुए हैं। इतना ही नहीं बिल्डिंग परमिशन, दुकानों, फ्लैट्स के किराए के रूप में भी करोड़ों रुपये निगम राजस्व के रूप में एकत्र करता है।
कोई खतरा नहीं, आराम से करें भुगतान
‘वेबसाइट व आनलाइन व्यव्सथा में तकनीकी दिक्कतों के कारण 30 अप्रैल को इन्हें बंद कर दिया गया था। साइबर अटैक की आशंका के चलते इस आडिट करवाना जरूरी हो गया था। जिसके चलते थोड़ा समय लगा है। वेबसाइट व अन्य सेवाएं पहले ही शुरू कर दी गईं थीं।
अब साइबर सिक्योरिटी आडिट पूरा होने के बाद मोबाइल ऐप भी शुरू कर दिए गए हैं। निर्देश दिए गए हैं कि कर्मचारी आनलाइन राजस्व संग्रह करने का कार्य शुरू करें। नगर निगम के आनलाइन बिल बनना शुरू हो गए हैं। लोगों को आनलाइन भुगतान करना चाहिए। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता रहती है।’ -अंकुश कपूर, चीफ इंफारमेशन सिक्योरिटी आफिसर, जम्मू नगर निगम
‘अब लोग मोबाइल ऐप, क्यूआर कोड स्कैन कर यूजर चार्ज जमा करवा सकते हैं। कहीं ज्यादा मुश्किल हो तभी जीआर कटवाएं। सभी कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि वे अब यूजर चार्ज को अानलाइन लेना शुरू करें। मोबाइल ऐप सुरक्षित तरीके से काम कर रहा है।’ -डा. विनोद शर्मा, हेल्थ आफिसर, जम्मू नगर निगम
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बाढ़ व भूस्खलन की आशंका, पहाड़ी सफर न करने की सलाह
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।