जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बाढ़ व भूस्खलन की आशंका, पहाड़ी सफर न करने की सलाह
जम्मू संभाग में बीते 24 घंटों में मूसलाधार बारिश हुई रियासी में सबसे अधिक 284 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 15 अगस्त तक रियासी ऊधमपुर जम्मू सांबा कठुआ डोडा और राजौरी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। लोगों को निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। 16-17 अगस्त को मौसम सामान्य रहेगा लेकिन 18-19 अगस्त को फिर बारिश का पूर्वानुमान है।

जागरण संवाददाता, जम्मू। बीते 24 घंटों में जम्मू संभाग के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। अधिकतम वर्षा रियासी में 284 मिमी, कटड़ा में 204 मिमी, कठुआ में 199 मिमी, ऊधमपुर में 166 मिमी, सांबा में 102 मिमी और जम्मू में 96 मिमी रिकार्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार 15 अगस्त तक जम्मू संभाग के रियासी, ऊधमपुर, जम्मू, सांबा, कठुआ, डोडा और राजौरी जिलों में रात व सुबह के समय कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कश्मीर संभाग में भी कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं व बिजली गिरने की संभावना है।
प्रशासन ने लोगों को भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों, नदी-नालों के किनारे और संवेदनशील स्थानों से दूर रहने के लिए कहा है।।भूस्खलनए मिट्टी खिसकने और अचानक आने वाली बाढ़ ; फ्लैश फ्लड की आशंका है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, इसलिए सतर्क रहें।
16-17 अगस्त को मौसम सामान्यत: गर्म और उमस भरा रहेगा, जबकि 18-19 अगस्त को एक बार फिर कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ जम्मू संभाग में कुछ जगहों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना को बड़ी कामयाबी, LoC पर घुसपैठ की कोशिश कर रहा आतंकी ढेर
जम्मू संभाग में बारिश से तापमान में गिरावट, कश्मीर में अभी भी गर्मी
पिछले 24 घंटों में जम्मू संभाग के कई इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद अधिकांश जिलों का तापमान सामान्य से 1 से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। वहीं, कश्मीर में तापमान अभी भी सामान्य से अधिक बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज जम्मू का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस जबकि कटडा में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
श्रीनगर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलगाम में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस जबकि गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 22.8 और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें- अपहरण, गैंगरेप और मर्डर... क्या है 35 साल पुराना सरला हत्याकांड? जिसमें बढ़ी यासीन मलिक समेत आठ लोगों की मुश्किलें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।