हिमाचल सरकार का खिलाड़ियों को तोहफा, पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी; हर विधानसभा में बनेगा खेल परिसर
हिमाचल प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान कार्यक्रम में कई ऐतिहासिक फैसले लिए। खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भारी वृद्धि की गई है। साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र में 50-50 करोड़ रुपये की लागत से खेल परिसर बनाए जाएंगे। खिलाड़ियों को रेल और हवाई किराए में भी रियायत दी जाएगी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के संघर्ष को उचित मान-सम्मान दे रही है। खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है ताकि खिलाड़ी प्रोत्साहित हों और युवा खेलों के साथ जुड़ सकें।
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य से बाहर 200 किमी तक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने जाने वाले खिलाड़ियों को रेल में एसी थ्री टियर किराया और 200 किमी से अधिक की दूरी पर इकोनॉमी क्लास का हवाई किराया देने की व्यवस्था की है।
हर विधानसभा में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स
शारीरिक बाधाओं को पार कर देश का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि को आम खिलाड़ियों के बराबर आठ गुना बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने एलान किया कि सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में खेल परिसर (स्पोर्टस कॉम्पलेक्स) बनाएगी। जिम, स्वीमिंग पुल सहित हर तरह की खेल के लिए आधुनिक सुविधाएं होगी।
प्रत्येक विधानसभा में 50-50 करोड़ की राशि खर्च होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक की राशि को 5, 2 व 3 करोड़ किया है।
डाइट मनी में ऐतिहासिक बढ़ोतरी
एशियाई खेलों और पैरा एशियाई में क्रमश: चार करोड़, अढाई व डेढ डेढ़ करोड़ किया है। सरकार ने डाइट मनी में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। अंडर-17, अंडर-19 की राज्य व राष्ष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में डाइट मनी क्रमशः 400 और 500 रुपये की है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल को बड़ा झटका, पर्यटन विकास के लिए केंद्र से नहीं मिली विशेष सहायता; सुक्खू सरकार की यह थी योजना
पंजाब-हरियाणा जैसे राज्यों के बराबर आकर खड़ा हुआ हिमाचल: गोमा
खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की सम्मान राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के बराबर आकर खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खिलाड़ियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम भव्य स्तर पर आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुरानी प्रतिस्पर्धाओं में भी देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी नई खेल नीति के अनुसार बढ़ी हुई धनराशि प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की खेलों के प्रति विशेष रुचि है और उनके कार्यकाल में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल विभाग विवेक भाटिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा विभाग की विभिन्न गतिविधियों का ब्यौरा दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।