Mandi Cloudburst: पहाड़ दरका… और मिट्टी के टीले पर अकेला खड़ा रह गया घर, आपदा में चर्चा का विषय बना यह मकान
Mandi Cloud burst मंडी जिले के धर्मपुर के स्याठी गांव में भूस्खलन से तबाही हुई। एक घर चमत्कारिक रूप से बचा है लेकिन वह भी खतरे में है। घर के मालिक संजय कुमार का परिवार सुरक्षित स्थान पर है। प्रशासन और भूवैज्ञानिक स्थिति पर नजर रख रहे हैं क्योंकि घर कभी भी खिसक सकता है।

जागरण संवाददाता, मंडी। Mandi Cloud burst, मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के स्याठी गांव में भूस्खलन के बाद का यह दृश्य दिल दहला देने वाला है। प्रकृति का कहर इतना भयानक था कि पूरी पहाड़ी दरक गई और एक पक्के घर की नींव तक खिसक गई। अब यह घर एक पतले खड़े मिट्टी के टीले पर बमुश्किल संतुलन बनाए खड़ा है। चारों ओर गहरी खाइयां बन चुकी हैं, नीचे मलबा व चट्टानों का ढेर है, लेकिन यह घर जैसे किसी चमत्कार से अब तक बचा हुआ है।
पूरा गांव तबाह, एक घर मिट्टी के टीले पर टिका रह गया
आसपास के ग्रामीणों के अनुसार सोमवार देर रात भारी वर्षा के बाद जोरदार आवाजें आईं। जब सुबह हुई तो पूरा क्षेत्र भूस्खलन से तबाह हो चुका था। 30 जून की आपदा से बचा यह एक घर मिट्टी की ऊपरी सतह पर टिका रह गया। गनीमत रही कि इस घर में रहने वाले लोगों को तीन दिन पहले ही सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया था।
घर में जाना जान जोखिम में डालने जैसा
अब यह घर प्रशासन व भूवैज्ञानिकों के लिए चिंता का विषय है। यह कभी भी खिसक सकता है। घर में जाना जान जोखिम डालने के समान है। चारों ओर गहरी खाइयां पड़ने से पहुंचना भी असंभव है। 30 जून की रात इस घर से ऊपर पूरी पहाड़ी दरकने से 10 घर ध्वस्त हो गए थे। यह घर सुरक्षित बच गया था। घर का मालिक संजय कुमार पुत्र जय सिंह शिमला में टैक्सी चलाता है। उसके माता पिता व पत्नी घर में रहते थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।