Himachal News: जगत सिंह नेगी के विरुद्ध प्रदर्शन पर 65 लोगों पर FIR, घर पर पार्टी कार्यालय चलाने वाला कांग्रेस कार्यकर्ता भी नामजद
Jagat Singh Negi राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के थुनाग दौरे के दौरान काले झंडे दिखाने और गाड़ी रोकने के प्रयास में पुलिस ने 65 लोगों पर मामला दर्ज किया है। कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी की शिकायत पर एफआइआर दर्ज हुई जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल हैं। भीम सिंह ठाकुर ने एफआईआर में नाम होने पर हैरानी जताई है।

संवाद सहयोगी, थुनाग (मंडी)। Jagat Singh Negi Thunag Dispute, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के सराज दौरे के दौरान शुक्रवार को थुनाग में काले झंडे दिखाने, जूते फेंकने व उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश में पुलिस ने 65 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस घटना के बाद कांग्रेस नेता जगदीश रेड्डी ने अस्थायी पुलिस चौकी थुनाग में शिकायत दर्ज करवाई है।
एफआइआर में भाजपा के अलावा कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल हैं। सबसे चौकाने वाला नाम बुखलवार गांव के भीम सिंह ठाकुर का है, जिन्होंने वर्ष 2017, 2022 और हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में अपने निजी घर में कांग्रेस कार्यालय स्थापित किया था।
मेरा नाम एफआइआर में डालना मूर्खता : भीम सिंह
उनका कहना है कि वह जन्म से ही वीरभद्र सिंह की विचारधारा से प्रभावित रहे हैं और निःस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा करते आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं उस समय दुकान पर था। शाम चार बजे विश्राम गृह में चला गया था। मेरा नाम एफआइआर में डालना मूर्खतापूर्ण है।
तीन एफआइआर में 65 लोग नामजद
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को तीन एफआइआर दर्ज की गई हैं। पहली एफआइआर मंत्री की गाड़ी रोकने के आरोप में सात-आठ महिलाओं के खिलाफ, दूसरी 57 लोगों के विरुद्ध और तीसरी गाड़ी पर पत्थर, काले झंडे व जूते फेंकने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ की गई है।
सात महिलाओं की शिकायत, हाथापाई में गहने हुए गायब
वहीं, मंत्री के काफिले के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की को लेकर सात महिलाओं ने अलग से शिकायत दर्ज करवाई है। गीता देवी पत्नी उत्तम सिंह ने बताया कि हाथापाई के दौरान उनकी सोने की बाली भी खो गई।
बागबानी कालेज को यथावत रखने की है मांग
इसी दौरे के दौरान थुनाग व्यापार मंडल और आठ पंचायतों के प्रतिनिधियों ने मंत्री को ज्ञापन सौंप थुनाग स्थित औद्यानिकी एवं वानिकी कालेज को यथावत रखने की मांग की गई। थुनाग पंचायत प्रधान धनेश्वर सिंह ने कहा कि वह स्वयं 50 बच्चों को निश्शुल्क आश्रय देने को तैयार हैं, जबकि पूर्व जिला परिषद सदस्य पितांबर ठाकुर ने भी 50 बच्चों के लिए यही प्रतिबद्धता जताई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।