Mandi Landslide: मंडी के कालंग गांव पर मंडराया खतरा, धंसने लगा पूरा पहाड़, भूस्खलन से दहशत में ग्रामीण
Landslide In Himachal मंडी जिले के कालंग गांव में भारी भूस्खलन से दहशत फैल गई है। 14 परिवार खतरे में हैं क्योंकि पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसक गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा उपायों की मांग की है। 2023 से पहाड़ियों का धंसना शुरू हो गया था जिससे क्षेत्र में तबाही हुई। ग्रामीण सोमवार को उपायुक्त से मिलकर राहत की मांग करेंगे।

सहयोगी, पद्धर (मंडी)। Landslide In Himachal, हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में धार्मिक पर्यटन स्थल पराशर घाटी के समीप स्थित कालंग गांव में शुक्रवार रात को हुए भारी भूस्खलन के बाद एक बाद गांव खतरे में आ गया है। गांव के नीचे पहाड़ी का एक विशाल भूभाग खिसक गया है। इस कारण 14 परिवार खतरे में हैं। लगातार बारिश और हो रहे भू-स्खलन से ग्रामीण खौफ के साये में जी रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2023 से ही यहां की पहाड़ियों का धंसना शुरू हो गया था, जो हर साल बागी नाला क्षेत्र में तबाही लाता है। कालंग के नीचे कलवाड़ गांव के तीन परिवार पहले ही घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लिए हुए हैं। शुक्रवार रात की मूसलाधार बारिश के बाद जो भूस्खलन हुआ, उसने कालंग गांव की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। गांव में दरारें आ गई हैं व बड़े हिस्से के दरकने का खतरा बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें- Mandi Landslide: मंडी में पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरका, फोरलेन पर बाल-बाल बचे लोग, वीडियो में देखिए भयावह मंजर
समय रहते कदम न उठाए तो हो सकती है बड़ी दुर्घटना
ग्रामीण राज ठाकुर, बीरी सिंह, लाल सिंह, यशपाल, जगदीश, चूड़ामणि, राम सिंह, यादव सिंह, कुर्मदेव, उत्तम, मान सिंह और गुड्डू राम सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द गांव का स्थलीय निरीक्षण कर एहतियातन सुरक्षा उपाय किए जाएं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
यह भी पढ़ें- 207 सड़कें बंद, 750 करोड़ रुपये का नुकसान... हिमाचल में बारिश का कहर जारी, आज कई जिलों के लिए अलर्ट
सोमवार को उपायुक्त से मिलेंगे ग्रामीण
ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिला उपायुक्त से मुलाकात कर इस संबंध में विस्तृत जानकारी देगा और तत्काल राहत व पुनर्वास की मांग करेगा। ग्रामीण भूस्खलन के खतरे को देखते हुए दहशत में हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।