सोनीपत मेयर चुनाव में भाजपा जीती, राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दीवान को 34,749 वोटों से हराया
Sonipat Nagar Nigam Mayor By-Election को लेकर आज बुधवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई और दोपहर को यह साफ हो गया कि मेयर का ताज किसके सिर सजेगा। सोनीपत मेयर सीट पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। भाजपा के राजीव जैन ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के कमल दीवान को 34749 वोटों से मात दी है।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। नगर निगम मेयर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने जीत दर्ज की। उन्होंने मेयर उपचुनाव में कांग्रेस के कमल दिवान को 34,749 वोटों से हराया।
राजीव जैन ने शुरुआत से ही बढ़त बना ली, जो हर राउंड के बाद बढ़ती चली गई। कांग्रेस उम्मीदवार कमल दिवान हर राउंड में पिछड़ते चले गए। जैसे-जैसे भाजपा की लीड बढ़ती गई, कार्यकर्ताओं का जोश भी बढ़ता गया, वहीं कांग्रेस खेमे में मायूसी छा गई।
पहले राउंड में ही भाजपा को मजबूत बढ़त मिल गई, जहां राजीव जैन को 5,554 वोट मिले, जबकि कमल दिवान को 1,499 वोट। इसके बाद हर राउंड में राजीव जैन ने अपनी बढ़त को बनाए रखा और कांग्रेस लगातार पिछड़ती रही।
दूसरे राउंड में भाजपा ने 5,162 वोट प्राप्त किए, जबकि कांग्रेस को 2,357 वोट मिले। तीसरे, चौथे और पांचवें राउंड में भी भाजपा ने हजारों वोटों से लीड बनाए रखी।
सोनीपत मेयर उप चुनाव का राउंडवार लेखा- जोखा
14वें और अंतिम राउंड तक राजीव जैन को कुल 57,858 वोट मिले, जबकि कमल दिवान 23,109 को मिले। इस बड़े अंतर से भाजपा खेमे में जश्न का माहौल बन गया और कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया। राजीव जैन ने अपनी जीत को जनता की जीत बताया और कहा कि वे शहर के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे।
ये भी पढ़ें-
पिछला हिसाब बराबर
सोनीपत नगर निगम में भाजपा ने पिछली हार का बदला लेते हुए हिसाब बराबर कर दिया। पिछली बार कांग्रेस के निखिल मदान ने भाजपा के ललित बत्रा को हराकर मेयर पद पर कब्जा किया था, अब भाजपा के राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दिवान को हराकर पुरानी हार का बदला ले लिया।
पिछली बार नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा और डिप्टी मेयर मनजीत गहलावत भी कांग्रेस के थे, अब मेयर भाजपा के राजीव जैन बने हैं।दो बार विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद राजीव जैन की जीत का खाता खुला है।
शहर के विकास को देंगे गति :राजीव जैन
नगर निगम मेयर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने बड़ी जीत दर्ज की। जीत के बाद उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि शहर के विकास को गति देना और लोगों की समस्याओं को दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम करेंगे।
जनता को भाजपा की जीत का पूरा भरोसा था, लेकिन इस बार मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। जहां 2020 के चुनाव में 58 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं इस बार यह घटकर 28.8 प्रतिशत रह गया। हालांकि, कम मतदान के बावजूद भाजपा ने 34,749 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। राजीव जैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व की कमी और टीम वर्क का अभाव साफ नजर आया।
जनता कांग्रेस के पिछले कार्यकाल से निराश हो चुकी थी और बदलाव चाहती थी। यही वजह रही कि इस बार लोगों ने भाजपा को बड़े अंतर से विजयी बनाया। उन्होंने इस जीत का श्रेय भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन को दिया। चुनाव प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा से काम किया और पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाया। जनता ने भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताया, जिसके परिणामस्वरूप यह ऐतिहासिक जीत मिली।
ये भी पढ़ें-
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।