विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फरीदाबाद मेयर सीट पर BJP का कब्जा, 3 लाख से ज्यादा वोटों से जीतीं प्रवीन जोशी; कांग्रेस की लता रानी को हराया

Published: Wed, 12 Mar 2025 10:17 AM (IST)Updated: Wed, 12 Mar 2025 12:19 PM (IST)

Faridabad Nikay Chunav Results नगर निगम फरीदाबाद के दो मार्च को हुए चुनाव के दस दिन बाद आज बुधवार को नतीजे आ गए हैं। भाजपा की मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी लता रानी को 316852 वोटों के अंतर से हराया है। भाजपा प्रत्याशी प्रवीण जोशी को 416927 वोट मिले। वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी लता रानी को 100075 वोट मिले।

नवनिर्वाचित मेयर प्रवीण बत्रा जोशी चुनाव जीतने के बाद प्रमाण पत्र लेती हुईं। फोटो- जागरण
नवनिर्वाचित मेयर प्रवीण बत्रा जोशी चुनाव जीतने के बाद प्रमाण पत्र लेती हुईं। फोटो- जागरण

HighLights

  1. एक तरफा मुकाबले में जीती भाजपा
  2. कांग्रेस की लता रानी को मिले 100075 वोट

सुशील भाटिया, फरीदाबाद। Faridabad Nikay Chunav Results : प्रदेश के पहले नगर निगम में 31 साल बाद पहली बार मेयर बनाने की जिम्मेदारी सीधे रूप से जनता को सौंपी गई थी, जिसे जनता ने बखूबी उठाया और भाजपा की प्रत्याशी प्रवीन जोशी को कांग्रेस की लता रानी पर 3,16,852 वोटों के बड़े अंतर से विजयी बना दिया। शहर की प्रथम नागरिक बन चुकीं प्रवीन की जीत रिकॉर्ड मानी जा रही है।

गाजियाबाद की सुनीता दयाल ने दर्ज की थी बड़ी जीत

इससे पहले गाजियाबाद की सुनीता दयाल ने 2,87,000 वोटों से जीत दर्ज की थी। प्रवीन जोशी प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष स्व.रमेश जोशी की पुत्रवधू और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य संदीप जोशी की धर्मपत्नी हैं। दो मार्च को हुए चुनाव में छह विस क्षेत्रों बल्लभगढ़, पृथला, एनआइटी, बड़खल, तिगांव, फरीदाबाद के 6,01,795 मतदाताओं वोट डाले थे।

नौ मार्च को पानीपत में मेयर के चुनाव थे, इसलिए मतगणना 12 मार्च को तय की गई थी। अब जब मतगणना हुई और ईवीएम खुलती चली गईं तो उसमें बड़ी मात्रा में कमल निशान के वोट निकलते चले गए यानी शुरू से ही कमल खिला तो फिर खिलता ही चला गया। प्रवीन जोशी ने पहले ही राउंड में 50,824 वोट हासिल कर लिए थे, तब कांग्रेस की लता रानी को मात्र 13,061 वोट मिले।

एकतरफा मुकाबले में जीतीं प्रवीन जोशी

पहले ही दौर में प्रवीन जोशी 37,763 वोटों से आगे हो गईं। दूसरे राउंड में यह बढ़त 62,977 की हो गई। तीसरे राउंड में 94,740 वोटों की हो गई। पांचवें राउंड की समाप्ति तक प्रवीन जोशी 1,45,383 वोट की बढ़त ले चुकी थीं और उनकी जीत सुनिश्चित हो चुकी थी।

फिर उन्होंने पीछे मुड़ कर भी नहीं देखा और अंतत: जब 13 राउंड की मतगणना पूरी हुई तो उनके खाते में 4,16,927 वोट आ चुके थे, जबकि लता रानी को कुल 1,00075 वोट मिले। इस तरह से जीत तीन लाख वोट भी पार कर गई। कांग्रेस की लता रानी बमुश्किल अपनी जमानत बचाने में सफल रहीं। उन्हें जमानत बचाने के लिए 98595 वोट चाहिए थे। बाकी सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।

भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी प्रवीण बत्रा जोशी विजयी होने के बाद पति संदीप जोशी के पैर छूकर आशीर्वाद लेती हुईं। संदीप जोशी भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य हैं।

सुबह उठ कर गई थीं मंदिर

मतगणना केंद्रों में जाने से पूर्व प्रवीन जोशी की सुबह की शुरुआत मंदिर में पति संदीप जोशी के साथ जाकर भोलेनाथ की पूजा अर्चना व जलाभिषेक से हुई थी। थोड़ी देर के लिए ही मतगणना केंद्र पर गई थीं, बाकी तो वह अपने सेक्टर-15 स्थित अस्थाई कार्यालय पर ही रहीं और वहां बधाइयां स्वीकार करती रहीं और मुंह मीठा कराती रहीं।

मतगणना पूरी होने पर वह सेक्टर-12 स्थित जिला मुख्यालय पहुंचीं। वहां पहले से उनके पति संदीप जोशी मौजूद थे। पहुंच कर प्रवीन जोशी ने सबसे पहले पतिदेव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

इसके बाद वहां केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर भी वहां पहुंच गए, उन्होंने प्रवीन जोशी को गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी। प्रवीन जोशी ने केंद्रीय मंत्री का भी आशीर्वाद लिया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी सतबीर मान ने प्रवीन जोशी को मेयर निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपा।

अन्य पार्टियों से कौन था प्रत्याशी?

अन्य प्रत्याशियों में आम आदमी पार्टी की निशा दलाल फौजदार, बसपा की मनसा पासवान और अन्य दो निर्दलीय प्रत्याशियों में अंजना शर्मा व संगीता यादव मैदान में थीं।  

वार्ड 38 से भाजपा प्रत्याशी जीतीं

इसके अलावा फरीदाबाद नगर निगम के वार्ड नंबर 38 से भाजपा प्रत्याशी अनीता कुमारी अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी मोनिका चंदीला से 960 मतों से जीत गई हैं।

वहीं, फरीदाबाद नगर निगम के वार्ड नंबर दो से भाजपा प्रत्याशी राजेश डागर 8499 मत प्राप्त करके अपने प्रतिबंध निर्दलीय हरवीर मावी से 5048 मतों से जीत गए। इसके अलावा फरीदाबाद नगर निगम के वार्ड नंबर 39 से निर्दलीय प्रत्याशी नीलम बरेजा 8545 मत प्राप्त करके भाजपा प्रत्याशी रूम चौधरी से 3724 मतों से जीत गई है।

ये भी पढ़ें-

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।