Mulayam Singh Yadav News: अहीरवाल में थी रिश्तेदारी, चचेरी बहन से मिलने कई बार रेवाड़ी आए थे मुलायम सिंह
Mulayam Singh Yadav News सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार सुबह गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनका अहीरवाल से गहरा रिश्ता रहा है। उनकी बहन स्व. कुसुमलता की शादी गांव नंदरामपुर बास निवासी स्व. एडवोकेट चौ. महेंद्र सिंह के साथ हुई थी।

रेवाड़ी, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का अहीरवाल से गहरा संबंध था। सपा प्रमुख की चचेरी बहन कुसुमलता का विवाह रेवाड़ी के ही गांव नंदरामपुर बास निवासी एडवोकेट महेंद्र सिंह के साथ हुआ था। मुलायम सिंह यादव अपनी बहन से मिलने के लिए कई बार रेवाड़ी आए थे। सितंबर 2017 में वह आखिरी बार रेवाड़ी आए थे।
पिछले साल हो गया था बहन का निधन
मुलायम सिंह यादव अपने जीवनकाल में कई बार रेवाड़ी आए। उनके नाती डा. विराटवीर के अनुसार जब वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब भी रेवाड़ी आए थे और जब केंद्र में रक्षामंत्री रहे थे तब भी उनके घर पर आए थे। नानाजी से जुड़ी बहुत सी यादें उनके जेहन में है।
उनकी नानी कुसुमलता ने 1960 में केके डिग्री कालेज इटावा से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी। नानी को उस समय उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित मुलायम सिंह जी ने ही किया था।
31 मार्च 2021 को मुलायम सिंह यादव की चचेरी बहन कुसुमलता यादव का निधन हो गया था। डा. विराटवीर बताते हैं कि नानी के निधन पर मुलायम सिंह यादव रेवाड़ी ताे नहीं आए थे लेकिन फोन पर उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की थी। सितंबर 2017 में डा. विराटवीर के अस्पताल के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह आए थे।
आइसीयू में शिफ्ट होने से पहले की थी मुलाकात
डा. विराटवीर यादव ने बताया कि नानाजी का उनके साथ बेहद लगाव था। उनके आइसीयू में शिफ्ट होने से पहले ही वह मिलने के लिए गए थे।
काफी देर तक बातचीत भी हुई थी तथा उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों की कुशलक्षेम भी पूछी थी। नानीजी के साथ की बचपन की बहुत सी पुरानी यादों को भी उन्होंने साझा किया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।