The Kashmir Files Box Office: दुनियाभर में 300 करोड़ के पार पहुंची 'द कश्मीर फाइल्स', 20 दिन में हुई इतनी कमाई
The Kashmir Files Box Office Day 20 विवेक अग्रिहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्ड वाइड 300 करोड़ से ऊपर कमा लिए हैं। हालांकि घरेलू बाजार में फिल्म की कमाई धीरे-धीरे धीमी पड़ी है।
नई दिल्ली, जेएनएन।The Kashmir Files Box Office Day 20: 'द कश्मीर फाइल्स' की रफ्तार बॉक्स ऑफिस पर धीमी पड़ गई है। फिल्म अपने तीन हफ्ते पूरे करने वाली है, और चौथे हफ्ते में एंट्री से पहले इसके लिए एक बहुत बड़ी गुड न्यूज आई है। इसने वर्ल्ड वाइड ग्रॉस कमाई में 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, अभी भी इसके सामने आरआरआर के रूप में एक बड़ी चुनौती खड़ी है, जो कि बेखौफ होकर बॉक्स ऑफिस पर दहाड़ रही है।
'द कश्मीर फाइल्स' ने घरेलू बाजर से ग्रॉस 275.33 करोड़ का कलेक्शन किया है, बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदेशों में इसकी कमाई 27.94 करोड़ रही। जिसे अगर जोड़ दिया जाए तो इस फिल्म का वर्ल्ड वाइड ग्रॉस कलेक्शन 303.27 करोड़ रुपए का रहा। विवेक अग्रिहोत्री की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बच्चन पांडे और राधेश्याम जैसी फिल्मों को भी पानी पिला दिया। पर जब से राजामौली की आरआरआर रिलीज हुई है, इसकी कमाई पर खासा असर हुआ है।
बता दें कि द कश्मीर फाइल्स ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली 32 वीं फिल्म बन गई है। ये फिल्म सलमान खान की 'रेस' 3 और अक्षय कुमार की 'सूर्यवंशी' की कमाई के आगे निकल गई। रेस 3 ने 294.98 करोड़ का बिजनेस किया था, तो वहीं सूर्यवंशी ने 294.17 करोड़ कमाए थे। आरआरआर के जबरदस्त प्रदर्शन के बावजूद 'द कश्मीर फाइल्स' अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है। फिलहाल के हालात को देखते हुए ये कहना गलत नहीं होगा कि द कश्मीर फाइल्स अक्षय कुमार की 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' को जल्द ही पीछे छोड़ देगी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 308.02 करोड़ का कलेक्शन किया था।
यह साफ है कि द कश्मीर फाइल्स की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है, क्योंकि वीक डेज में कलेक्शन 3 करोड़ से नीचे चला गया है। बुधवार को फिल्म ने 2.25 करोड़ और मंगलवार को 2.75 करोड़ का कलेक्शन किया। यह पहली बार है जब फिल्म ने 3 करोड़ से कम की कमाई की है।
द कश्मीर फाइल्स वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफिस एक नजर:
भारत बॉक्स ऑफिस नेट: 231.28 करोड़
भारत बॉक्स ऑफिस ग्रॉस: 275.33 करोड़
वर्ल्ड वाइल्ड ग्रॉस: 27.94 करोड़
दुनिया भर में ग्रॉस कलेक्शन: 303.27 करोड़