Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Bawaal: वर्ल्ड वॉर 2 से जुड़े वरुण धवन की फिल्म 'बवाल' के तार, इन मूवीज में भी दिखीं ऐतिहासिक घटनाओं की झलक

    By Jagran NewsEdited By: Jagran News Network
    Updated: Thu, 20 Jul 2023 04:10 PM (IST)

    Bollywood Movies With History Lessons बॉलीवुड में कई सारे विषयों पर फिल्में बनी हैं। उनमें से कुछ फिल्में ऐतिसाहिक विषयों पर भी बनी हैं जिनको दर्शक आज भी याद करते हैं। ऐतिसाहिक विषयों पर भी बनी फिल्में लोगों को प्रेरित करती हैं और अच्छा प्रदर्शन भी करती हैं। देश में ऐसी कई फिल्में बनी हैं जो इतिहास की प्रमुख घटनाओं पर आधारित हैं।

    Hero Image
    Best Bollywood Movies Based on History. Photo- Twitter

    नई दिल्ली, जेएनएन। Bollywood movies shows history: सिनेमा के पर्दे पर अक्सर इतिहास की प्रमुख घटनाओं पर आधारित फिल्में बनती रही हैं, मगर कई बार इन घटनाओं को सिर्फ रेफरेंस या कहानी की पृष्ठभूमि के तौर पर शामिल किया जाता है, जबकि फिल्म की विषयवस्तु कुछ और रहती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    निर्देशक नितेश तिवारी की बवाल एक हिस्ट्री टीचर की कहानी है, जो इस तरह मोड़ लेती है कि तार दूसरे विश्व युद्ध से जुड़ जाते हैं। फिल्म 21 जुलाई को प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही है। जाह्नवी कपूर फीमेल लीड रोल में हैं। इस तरह के प्रयोग हिंदी सिनेमा में अक्सर किये जाते रहे हैं।

    गदर

    घटना: भारत पाक-विभाजन

    साल 2001 में आई फिल्म 'गदर' में 1947 के भारत-पाक बंटवारे का मंजर दिखाया गया। इसे निर्देशक अनिल शर्मा ने ईमानदारी से पर्दे पर उकेरा। फिल्म में तारा सिंह और सकीना की लव स्टोरी दिखाई गई थी, जो ना सिर्फ अलग धर्म के हैं, बल्कि अलग मुल्क से भी हैं। 11 अगस्त को इसका सीक्वल आ रहा है।

    रंग दे बंसती

    घटना: मिग-21 क्रैश, स्वतंत्रता संग्राम

    राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित यह फिल्म साल 2006 में आई थी। फिल्म की कहानी राजनीतिक क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई पर केंद्रित थी। इसके प्रमुख किरदारों के जरिए स्वतंत्रता संग्राम की कहानी को मुख्य कथानक से जोड़ा गया था। फिल्म में आमिर खान, सिद्धार्थ, आर माधवन, शरमन जोशी, अतुल कुलकर्णी, एलिस पैटन, अनुपम खेर और सोहा अली खान थे।

    लक्ष्य

    घटना: कारगिल वॉर

    फरहान अख्तर के निर्देशन में बनी फिल्म 'लक्ष्य' आज भी दर्शक देखना पसंद करते हैं। 2004 में आई इस फिल्म में कारगिल युद्ध का रेफरेंस लिया गया था। फिल्म में एक ऐसे नौजवान की कहानी है, जो फौज में भर्ती हो जाता है, फिर डरकर पीछे हट जाता है। इसके बाद उसमें देशभक्ति जाग उठती है और वह फिर से फौज में जाकर कारगिल का युद्ध लड़ता है। इस फिल्म में ऋतिक रोशन, अमिताभ बच्चन, प्रीति जिंटा और ओम पुरी भी थे।

    लगान

    घटना: ब्रिटिश हुकूमत

    इस फिल्म को देखकर लगता है कि यह असली कहानी पर बनी है। लेकिन ऐसा नहीं है। 2001 में आई इस फिल्म की कहानी पूरी तरह काल्पनिक है। हालांकि, फिल्म में उस दौर रेफरेंस लिया है जब अंग्रेज भारत पर हुकूमत करते थे। निर्देशक आशुतोष गोवारिकर ने इसे इतने अच्छे से फिल्माया है कि यह असली स्टोरी पर बेस्ड लगने लगती है। इसमें आमिर खान, ग्रेसी सिंह, यशपाल शर्मा और कुलभूषण खरबंदा समेत कई कलाकार थे।

    बेगम जान

    घटना: भारत-पाक बंटवारा

    साल 2017 में आई श्रीजित मुखर्जी की फिल्म बेगम जान में देश की आजादी का रेफरेंस लिया गया। फिल्म ऐसी औरतों पर आधारित है, जो देह व्यापार का पेशा करती हैं, पूरा देश आजाद हो जाता है, लेकिन वे अपने अतीत की बेड़ियों से आजाद नहीं हो पातीं। जमीन पर खिचीं एक लकीर की वजह से उनकी दुनिया उजड़ जाती है। फिल्म में विद्या बालन, नसीरुद्दीन शाह, रजत कपूर, गौहर खान और इला अरुण हैं।

    शतरंज के खिलाड़ी

    घटना: अंग्रेजों की अवध पर चढ़ाई

    मुंशी प्रेमचंद की कहानी पर सत्यजीत रे निर्देशित फिल्म साल 1977 में आई थी और यह फिल्म ब्रिटिश शासन के दौरान की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में दो गहरे दोस्त मिर्जा अली और मीर अली शतरंज खेल से बेइंतहा मोहब्बत करते हैं। वे दिनभर इसी खेल में मशगूल रहते हैं। अपने जुनून के कारण अपने परिवार को भी छोड़ देते हैं। उधर, ब्रिटिश फौज अवध पर चढ़ाई करने के लिए तैयार है। फिल्म में संजीव कुमार, शबाना आजमी और अमजद खान थे।

    भारत

    घटना: बंटवारे के बाद की प्रमुख घटनाएं

    सलमान खान अभिनीत फिल्म 'भारत' साल 2019 में आई थी। इस फिल्म की पृष्ठभूमि 1947 के बंटवारे के समय की है। भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान, एक परिवार अलग हो जाता है। उस दौरान परिवार की जिम्मेदारी एक बच्चे भरत पर आ जाती है। वह जीवन भर अपने पिता से किया हुआ वादा निभाता है। फिल्म में सलमान खान, कटरीना कैफ, दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर और जैकी श्रॉफ थे।

    लाल सिंह चड्डा

    • घटना: 1984 के दंगे, कारगिल युद्ध

    2022 में रिलीज हुई इस फिल्म में एक कम आईक्यू वाले शख्स की कहानी है, जो अपने जीवन की कथा बताता है। वह अपने जीवन की विभिन्न घटनाएं बताता है, जिनमें 1984 के सिख दंगे और कारगिल युद्ध के किस्से भी शामिल हैं। इस फिल्म में आमिर खान के अलावा करीना कपूर और नागा चैतन्य भी थे।

    हे राम

    घटना: भारत-पाक विभाजन, महात्मा गांधी की हत्या

    यह फिल्म भी भारत-पाक विभाजन के दौरान पैदा हुए रोष और माहौल पर आधारित है। उस दौर में एक शख्स की पत्नी के साथ दुष्कर्म हो जाता है और वह इसका बदला महात्मा गांधी को मारकर लेना चाहता है। उसका मानना है कि गांधी एक वर्ग विशेष की वकालत करते हैं। फिल्म में कमल हासन ने एक्टिंग भी और इसको डायरेक्ट भी किया। रानी मुखर्जी पत्नी के किरदार में थीं। शाहरुख खान, नसीरुद्दीन शाहऔर हेमा मालिनी भी अहम किरदारों में दिखे थे।

    मोहेनजो दाड़ो

    घटना: सिंधु घाटी सभ्यता

    कहानी की तलाश आशुतोष गोवारिकर को इतिहास में जितना पीछे ले गयी, उतना शायद ही कोई फिल्ममेकर गया हो। इस फिल्म का सेटअप 2016 ईसा पूर्व का है और सिंधु घाटी सभ्यता में दिखाया गया है। इसमें एक ऐसे गरीब नौजवान किसान की कहानी है, जो एक तानाशाह राजा से अपना खानदानी बदला लेने की तरकीब खोजता है। फिल्म में ऋतिक रोशन और पूजा हेगड़े ने लीड रोल निभाये थे। शरद केलकर और कबीर बेदी अहम किरदारों में थे।