विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सोने पर सुहागा वाली कहावत तो खूब सुनी होगी, लेकिन क्या सुहागा का मतलब जानते हैं आप?

Published: Wed, 16 Jul 2025 03:11 PM (IST)

हिंदी में कई कहावतें और मुहावरे हैं जिनका इस्तेमाल रोज की बोल-चाल में खूब किया जाता है। इन्हीं में एक ...और पढ़ें

सोने पर सुहागा में सुहागा का क्या मतलब है? (Picture Courtesy: Freepik)
सोने पर सुहागा में सुहागा का क्या मतलब है? (Picture Courtesy: Freepik)

HighLights

  1. सोने पर सुहागा एक मशहूर कहावत है
  2. इस कहावत का मतलब है अच्छी चीज को और अच्छा कर देना
  3. सुहागा का मतलब काफी दिलचस्प होता है

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हिंदी भाषा में कई ऐसी कहावतें और कहावत हैं जो जीवन के गहरे अनुभवों को आसान शब्दों में बयां करते हैं। इन छोटे-छोटे मुहावरों में बड़े गूढ़ मतलब छिपे होते हैं। इन्हीं में से एक मशहूर कहावत है- "सोने पे सुहागा", जिसका मतलब (Sone Pe Suhaga Meaning) होता है किसी अच्छी चीज में और भी कोई अच्छा गुण जोड़ देना, जिससे वह और भी बेहतर हो जाए।

इस कहावत का इस्तेमाल आपने भी कई बार किया होगा और कई लोगों के मुंह से सुना भी होगा। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सुहागा आखिर होता क्या है (Sone Pe Suhaga Phrase Origin)? अगर नहीं, तो आइए जानते हैं कि सुहागा का मतलब क्या होता है।

यह भी पढ़ें: वैशाली से लेकर भागलपुर तक... Bihar में बोली जाती हैं ये प्रमुख भाषाएं, सदियों पुराना है इतिहास

"सोने पे सुहागा" कहावत का मतलब क्या होता है?

जिस तरह सोना पहले से ही मूल्यवान होता है और सुहागा लगाकर उसकी चमक और बढ़ा दी जाती है, उसी तरह यह कहावत किसी अच्छी चीज में और भी बेहतरीन गुण जोड़ने के लिए इस्तेमाल की जाती है। इसे यूं समझ सकते हैं, जैसे- अगर कोई छात्र परीक्षा में टॉप करता है और उसे स्कॉलरशिप भी मिल जाए, तो इसे "सोने पे सुहागा" कहा जा सकता है।

सुहागा क्या है?

सुहागा, जिसे अंग्रेजी में बोरैक्स (Borax) कहा जाता है, एक नेचुरल मिनरल है। इसका केमिकल नाम सोडियम बोरेट होता है। यह सफेद पाउडर या क्रिस्टल के रूप में पाया जाता है और इसका इस्तेमाल अलग-अलग घरेलू, औद्योगिक और आयुर्वेदिक उपचारों में किया जाता है।

सुहागा के इस्तेमाल किन कामों में होता है?

  • सोने की चमक बढ़ाने में- सुहागा का सबसे ज्यादा इस्तेमाल सोने और चांदी के आभूषणों को साफ करने और चमकाने में होता है। यह धातु की अशुद्धियों को हटाकर उसे निखार देता है, इसलिए "सोने पे सुहागा" जैसी कहावत मशहूर हुई।
  • आयुर्वेदिक औषधि- सुहागा का उपयोग पारंपरिक चिकित्सा में खांसी, गले की खराश और जोड़ों के दर्द के इलाज के लिए किया जाता है।
  • कपड़ों की धुलाई- पहले सुहागा का इस्तेमाल कपड़ों को धोने और दाग हटाने के लिए किया जाता था।

इसलिए सोने पर सुहागा वाली कहावत एकदम सही है और इसका बिल्कुल सीधा मतलब है। जैसे सुहागा सोने को चमकाता है, उसे और निखारता है। वैसे ही, अगर कोई ऐसी बात हो जाए, जिससे कोई चीज और बेहतर बने, तो इस कहावत का इस्तेमाल कर सकते हैं। तो अब आप समझ गए होंगे कि सुहागा का मतलब क्या होता है। अब अगली बार जब आप यह मुहावरा सुनेंगे, तो आपको ये नहीं सोचना पड़ेगा कि सुहागा होता क्या है।

यह भी पढ़ें: दुनिया में सबसे ज्यादा बोला जाने वाला शब्द है 'OK', क्या आप जानते हैं एक मजाक से हुई थी इसकी शुरुआत?