विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली: पोस्ट ऑफिस में डकैती, पुलिस ने 2 लुटेरों को किया गिरफ्तार

By Amit MishraEdited By:
Published: Mon, 20 Feb 2017 09:19 PM (IST)Updated: Tue, 21 Feb 2017 08:23 AM (IST)

बदमाशों की पहचान दीपक और वसीम के रूप में हुई है। उनके पास से करीब 25 हजार रुपये और चेक बरामद हुए हैं।

दिल्ली: पोस्ट ऑफिस में डकैती, पुलिस ने 2 लुटेरों को किया गिरफ्तार
दिल्ली: पोस्ट ऑफिस में डकैती, पुलिस ने 2 लुटेरों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली [जेएनएन]। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह लुटेरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने आनंद विहार इलाके में स्थित एक पोस्ट ऑफिस में डकैती डाली। बदमाशों ने सुरक्षा में तैनात दो गार्डों को पिस्टल के बल पर बंधक बनाया। उनके साथ मारपीट की और डाकघर के स्टोरेज रूम में दाखिल हो गए।

बदमाशों ने यहां से करीब 17 थैलियां निकालीं और फरार हो गए। इसमें नकदी के साथ चेक और मनी आर्डर भी थे। पुलिस को काफी देर के बाद घटना की सूचना मिली। हालांकि कुछ घंटों के बाद ही पुलिस ने वारदात में शामिल 2 बदमाशों को धर-दबोचा। बदमाशों की पहचान दीपक और वसीम के रूप में हुई है। उनके पास से करीब 25 हजार रुपये और चेक बरामद हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आठ से दस लाख रुपये लूटे जाने की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक कड़कड़ी मोड़ के पास मुख्य डाकघर में यमुनापार के 32 डाकघरों से नकदी और डाक पहुंचती है। रविवार रात यहां ड्यूटी पर गार्ड राजकुमार और अजय उर्फ मुन्ना तैनात थे। रात करीब 12 बजे दीवार बांधकर छह बदमाश अंदर दाखिल हो गए। उन्होंने दोनों गार्डों की कनपटी पर पिस्टल तान दी और उन्हें स्टोरेज रूम तक लेकर गए। यहां उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद स्टोरेज रूम को खुलवाया। दोनों के हाथ-पैर बांधकर बदमाश अंदर दाखिल हो गए।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में बेखौफ बदमाशों का कहर, 10 घंटे में लूट की 5 वारदातों से शहर में दहशत

अंदर दाखिल होने के बाद बदमाशों ने स्टील के संदूको में रखी गई करीब 17 थैलियां निकाली लीं। बदमाशों को महसूस हुआ कि इनमें नकदी भरी हुई है, लेकिन थैलियों को देखा तो नकदी के साथ चेक और मनीआर्डर भी काफी संख्या में थे। इस पर उन्होंने कुछ लॉकर भी तोड़ने की कोशिश की। एक लॉकर टूटा तो उसमें भी कुछ नकदी के साथ चेक पड़े थे। बदमाश सामान समेटने के बाद वहां से निकल गए। काफी देर के बाद सुरक्षा गार्ड किसी तरह हाथ खोलकर बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस उपायुक्त सहित आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियो की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ा।

रकम बांटने के दौरान विवाद ने पकड़वाया

अधिकारियों के मुताबिक सभी बदमाश वारदात के बाद ऑटो से आनंद विहार बस अड्डे की तरफ भागे। यहां से वे मोटरसाइकिल से फरार होने वाले थे। आनंद विहार बस अड्डे की चौकी पर तैनात कांस्टेबल नरेंदर और कुलदीप ने देखा कि दो युवक आपस में झगड़ रहे हैं। उन्होंने पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि आपसी मामला है और पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की, लेकिन बहादुरी का परिचय देते हुए पुलिसकर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें: पड़ोस वाले अंकल ने 4 साल की बच्ची के साथ किया गंदा काम, गिरफ्तार

आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और दो कारतूस भी मिले। उनके पास थैली में जीपीओ (जनरल पोस्टल आर्डर) की सील लगी गड्डियां मिली। दीपक और वसीम से पूछताछ में पता चला कि कम नकदी वाले बैग हिस्से में आने के कारण झगड़ा हो रहा था। उनकी योजना थी कि सभी लोग लूट की रकम का बंटवारा कर फरार हो जाएंगे। वहीं, पुलिस को देख अन्य आरोपी फरार हो गए। बहरहाल पुलिस अधिकारियों ने दोनों कांस्टेबलों को बहादुरी के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

छह से ज्यादा लोग थे वारदात में शामिल

सुरक्षा गार्डों ने बताया कि दो बदमाश लगातार फोन पर बातचीत कर रहे थे। वे उनसे पूछ रहे थे कि रकम कहां से मिलेगी। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि इस वारदात में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। संभव है कि पहले यहां की रेकी की गई हो। स्टोरेज रूम डाकघर के बेसमेंट में स्थित है। यहां की जानकारी कम ही लोगों को होती है। आशंका यह भी है कि इसमें कोई पुराना कर्मचारी शामिल हो। पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि अन्य आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा। पुलिस टीमें उनकी तलाश में लगी हैं।

यह भी पढ़ें:भैंस को जहर देकर भाग जाता था शातिर, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।