ओडिशा-आंध्र प्रदेश से गांजा खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में बेचने वाले दो तस्कर गिरफ्तार, 157 KG गांजा बरामद
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तस्कर आंध्र प्रदेश से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में बेचते थे। पुलिस ने फरवरी में 157 किलो गांजा बरामद किया था जिसके बाद से इन आरोपियों की तलाश थी। ये तस्कर ओडिशा-आंध्र प्रदेश सीमा से गांजा खरीदकर लाते थे। पुलिस ने आरोपियों को मायापुरी फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश से गांजा खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में बेचने वाले दो तस्कर को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। फरवरी में 156.742 किलो गांजा पकड़े जाने के मामले में पुलिस को दोनों आरोपितों की तलाश थी। इस सिंडिकेट के कई सदस्यों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है।
फरवरी से आ गए थे पुलिस की राडार पर
डीसीपी हर्ष इंदौरा के मुताबिक पकड़े गए तस्कराें के नाम विजय और विनीत कुमार है। दोनों गोथरा भुकरान गांव, सीकर, राजस्थान के रहने वाले हैं। दोनों ड्रग्स डीलर हैं। ये लोग उड़ीसा-आंध्र प्रदेश की सीमा से गांजा खरीदकर उसे दिल्ली-एनसीआर में आपूर्ति करते थे। फरवरी में 156.742 किलो गांजा के साथ दो तस्करों के पकड़े जाने के बाद से ये अपनी गिरफ्तारी से बच रहे थे।
यह भी पढ़ें- Delhi Crime News : डेरा गांव में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, प्लॉट का गेट बंद करने को लेकर हुआ था विवाद
गैर-जमानती वारंट जारी
24 फरवरी को सूचना के आधार पर पुलिस ने विजय सिंह को राजा गार्डन फ्लाई ओवर पर इनोवा कार को रोक कर दबोच लिया था। पूछताछ में विजय सिंह ने बताया था कि वह सीकर के रहने वाले विनीत और विजय के लिए काम करता है। उनके निर्देश पर वह दिल्ली में अमित कुमार नाम के तस्कर को गांजा पहुंचाने आया था।
अमित कुमार, विनीत का रिश्ते में जीजा है। विजय सिंह से पूछताछ के आधार पर अमित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके बाद फरार विनीत कुमार और विजय के सीकर स्थित घरों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई लेकिन वे नहीं मिले। सात अप्रैल को कोर्ट ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया गया।
इन राज्यों तक सक्रिय है नेटवर्क
पुलिस ने जांच के बाद मायापुरी फ्लाईओवर, कीर्ति नगर दोनों आरोपित विजय और विनीत को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मुख्य आपूर्तिकर्ता हैं और भारी मात्रा में मादक पदार्थों (गांजा) की खरीद और वितरण के लिए एक गठजोड़ चला रहे थे। दोनों को नौ दिन की रिमांड पर लेकर आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के विभिन्न स्थानों पर ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- बाहरी दिल्ली के होलंबी कलां फेज-2 की झाड़ियों में छुपाये गए थे बम, बम स्क्वॉयड ने चलाया गहन तलाशी अभियान
राजस्थान में गिरफ्तार किया गया
विजय कुमार ने 2020 में गांजा तस्करी शुरू की थी। उसे पहले राजस्थान में गिरफ्तार किया गया। वहां उसे दो साल जेल में रहना पड़ा। 2024 में उसने आंध्र प्रदेश से अवैध व्यापार शुरू कर दिया। उसने गिरोह चलाने के लिए अपने चचेरे भाई विनीत, रिश्तेदार अमित कुमार और ड्राइवर विजय सिंह को शामिल किया। वह कई फोन और वाट्सएप का उपयोग करके दिल्ली और राजस्थान में गांजा की खरीद और परिवहन का समन्वय करता था।
करता था वित्तीय मामलों का प्रबंधन
विनीत कुमार, 2023 में दुबई से लौटा और चचेरे भाई विजय कुमार के साथ गांजा तस्करी के नेटवर्क में शामिल हो गया। वह वित्तीय मामलों का प्रबंधन करता था, दिल्ली और राजस्थान में खरीदारों से नकदी एकत्र करता था और मोबाइल फोन व वाट्सएप के माध्यम से ट्रांसपोर्टरों और सहयोगियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखता था। वह डिलीवरी रूट भी बताता था और डिलीवरी सुनिश्चित करने में मदद करता था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।