विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ईडन से लागू हुआ BCCI का नया दिशानिर्देश, किसी खिलाड़ी के लिए नहीं की गई अलग व्यवस्था

Published: Mon, 20 Jan 2025 07:00 AM (IST)

भारतीय टीम के लगातार खराब प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने हाल ही में 10 सूत्रीय दिशानिर्देश जारी किए थे। ...और पढ़ें

ईडन गार्डेन्स में प्रैक्टिस करते भारतीय खिलाड़ी।
ईडन गार्डेन्स में प्रैक्टिस करते भारतीय खिलाड़ी।

HighLights

  1. 14 महीने बाद टीम में वापसी करेंगे शमी
  2. घुटने पर पट्टी बांधकर की गेंदबाजी का अभ्यास
  3. खिलाड़ियों के लिए अलग वाहन की सुविधा नहीं

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नए 10-सूत्री दिशानिर्देशों को लागू कर दिया है। रविवार को ईडन गार्डेन्स स्टेडियम में टीम इंडिया के अभ्यास सत्र में आने-जाने के लिए किसी भी खिलाड़ी के लिए अलग से वाहन की व्यवस्था नहीं की गई।

कैब के अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली ने कहा- 'हम बीसीसीआई के दिशानिर्देशों का अनुपालन करने के लिए पूरी तरह से समर्पित हैं। किसी भी खिलाड़ी के लिए अलग से वाहन की व्यवस्था नहीं की गई। सभी खिलाड़ी टीम बस से स्टेडियम पहुंचे व होटल लौटे।'

बीसीसीआई ने जारी किए थे दिशानिर्देश

मालूम हो कि ऑस्ट्रेलिया दौरे में खराब प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई ने नए 10-सूत्री दिशानिर्देश जारी किए हैं। दिशानिर्देशों में आगे कहा गया है कि सभी खिलाड़ियों को पूरे अभ्यास सत्र के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहना पड़ेगा।

इस बीच इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच के लिए भारतीय खिलाड़ियों ने रविवार शाम ईडन में जमकर पसीना बहाया। पहला मैच यहां 22 जनवरी को होना है। अभ्यास के दौरान आकर्षण का केंद्र तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी रहे, जो 14 महीने बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं।

खिलाड़ियों ने जमकर बहाया पसीना

शमी ने तीन घंटे के अभ्यास सत्र के दौरान लगभग एक घंटे तक गेंदबाजी की। उन्होंने अपने बाएं घुटने पर पट्टी बांध रखी थी। हेड कोच गौतम गंभीर के निरीक्षण में कप्तान सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या समेत अन्य खिलाड़ियों ने खूब अभ्यास किया।

अभ्यास सत्र के दौरान माहौल बेहद हल्का-फुल्का था, जिसे देखकर ऐसा लगा कि भारतीय टीम आस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज के खराब प्रदर्शन को भुलाकर आगे बढ़ना चाहती है।अभ्यास सत्र के दौरान संजू सैमसन व हार्दिक पांड्या काफी समय तक कोच गंभीर से बातचीत करते नजर आए।

यह भी पढ़ें- Wankhede 50th Anniversary: रोहित शर्मा ने लूटी म‍हफिल, Champions Trophy 2025 का प्‍लान भी बताया

यह भी पढ़ें- Champions Trophy 2025 में कौन सा प्‍लेयर होगा एक्‍स फैक्‍टर, सुरेश रैना ने अभी से बता दिया नाम