Bihar Politics: कांग्रेस ने तय की अपने कोटे की 76 सीटें, 36 कैंडिडेट भी लगभग फाइनल!
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव समिति की बैठक में 76 सीटों पर चर्चा हुई जहां से चुनाव लड़ना तय है और कई सीटों पर उम्मीदवार भी तय हो गए हैं। प्रियंका गांधी 26 सितंबर को बिहार में चुनावी सभा करेंगी। उनकी यात्रा की सफलता के लिए एक समिति गठित की जाएगी। बैठक में सीट चयन और रणनीति पर विचार किया गया।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को चुनाव समिति की पहली बैठक में 76 विधानसभा क्षेत्रों पर चर्चा हुई जहां से चुनाव लड़ना करीब-करीब तय है। यहीं नहीं, करीब तीन दर्जन सीटें ऐसी हैं जहां से उम्मीदवार भी करीब-करीब तय हो गए हैं।
बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बैठक में कहा कि कई सीटें ऐसी हैं जहां से दो से तीन उम्मीदवार हैं। लिहाजा सीटों को लेकर कोई विवाद न हो इसके लिए अंतिम निर्णय पार्टी हाई कमान के स्तर से लिया जाएगा।
गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम परिसर में नवगठित बिहार प्रदेश चुनाव समिति की विस्तृत बैठक हुई। जिसमें मुख्य रूप से तीन बिन्दुओं पर चर्चा हुई। सीट और उम्मीदवार चयन, प्रियंका गांधी की बिहार यात्रा और सीडब्ल्यूसी की बैठक। बैठक की शुरुआत में प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में शामिल सदस्यों ने बारी-बारी से अपनी बात रखी।
सूत्रों ने बताया फिलहाल 76 विधानसभा क्षेत्रों पर चर्चा हुई जहां से उम्मीदवार उतारे जाना करीब-करीब तय है। राजेश राम ने प्रस्ताव दिया कि चुनाव समिति के सदस्य हाथ उठाकर अंतिम निर्णय के लिए पार्टी हाईकमान को अधिकृत करें। जिसके बाद सदस्यों ने इस पर मुहर लगा दी।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि चुनाव क्षेत्र में रणनीति बनाने और उम्मीदवारों की मदद के लिए कलस्टर बनाने पर भी चर्चा की गई। क्लस्टर आधारित चुनावी ढांचा पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करेगा। इस बारे में आगे की बैठक में भी विस्तारित चर्चा करने पर सहमति बनी।
26 को प्रियंका गांधी बिहार में:
आज की बैठक में चुनाव समिति सदस्यों को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की प्रस्तावित बिहार यात्रा की जानकारी दी गई। प्रियंका गांधी का 26 सितंबर को बिहार आने का कार्यक्रम है। वे उत्तर बिहार और सीमांचल में चुनावी सभा करेंगी। हालांकि, स्थान का चयन फिलहाल नहीं हो पाया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रियंका के कार्यक्रम की सफलता और मॉनिटरिंग के लिए एक समिति गठित की जाएगी। यह प्रियंका गांधी की पहली चुनावी सभा होगी। इसके पूर्व प्रियंका गांधी राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने के लिए बिहार आई थी।
बैठक में यह प्रमुख नेता रहे उपस्थित:
कृष्णा अल्लावारू, राजेश राम, डॉ. शकील अहमद खान, डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, डॉ. जावेद, डॉ. शकील अहमद, सुशील पासी, शाहनवाज अलाम, राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, मदन मोहन झा, मनोज राम, जितेंद्र गुप्ता, राजेश राठौड़ा, रामजतन सिन्हा, संजय तिवारी, विश्वनाथ राम, कौकब कादरी, कुमार आशीष, जमाल अहमद भल्लू समेत चुनाव समिति के सभी सदस्य, सांसद, विधायक शामिल रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।