Bihar NDA Seat Sharing: अमित शाह से मिले CM नीतीश कुमार, चिराग पर इशारों ही इशारों में हो गई बात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृह मंत्री अमित शाह ने पटना में मुलाकात की जिसमें बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने तैयारियों पर संतोष जताया और एनडीए की एकजुटता को सराहा। सीटों के बंटवारे को लेकर भी बातचीत हुई जिसमें घटक दलों के बीच सहमति बनाने पर जोर दिया गया।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और गृह मंत्री नीतीश कुमार के बीच गुरुवार को राजधानी के एक होटल में हुई मुलाकात के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने अब तक की तैयारियों पर संतोष प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कई विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार का माहौल बहुत अच्छा है।कह सकते हैं कि इस बार एनडीए को ऐतिहासिक जीत हासिल हुई। इस क्रम में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से की हाल में की गई घोषणाओं के बारे में बताया गया कि इनका आम जन पर बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
महत्वपूर्ण पक्ष एनडीए के घटक दलों की अभूतपूर्व एकजुटता है। एनडीए के गठन के बाद पहली बार सभी घटक दलों के जमीनी कार्यकर्ता एक साथ बैठक-सम्मेलन कर रहे हैं। सीटों को लेकर कोई मतभेद नहीं है। इशारे में लोजपा (रा) के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की ओर से की जा रही सीटों की मांगों के बारे में भी चर्चा हुई।
जदयू ने बता दिया कि चिराग का मामला भाजपा से जुड़ा है। उन्हें देने वाली सीटों का निर्धारण भाजपा ही कर सकती है। नेताओं के बीच इस बात पर सहमति बनी कि घटक दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर कोई मतभेद न रहे। कार्यकर्ता सम्मेलनों की एकजुटता चुनाव मैदान में भी नजर आए।
बातचीत में मौजूद जदयू के वरिष्ठ नेता और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि वैसे तो यह मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के बीच शिष्टाचार मुलाकात थी, लेकिन विधानसभा चुनाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण बातचीत हुई। गृह मंत्री ने एनडीए की तैयारियों की सराहना की। उम्मीद जाहिर की कि इसबार सबसे बेहतर नतीजे आएंगे।
बातचीत के दौरान भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पार्टी के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, जदयू की ओर से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी शामिल हुए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।