ट्रेन से आने वाले कामगारों व विद्यार्थियों को 220 बस गृह प्रखंड तक पहुंचाएंगे
लॉकडाउन की वजह से दूसरे राज्यों में फंसे विद्यार्थियों कामगारों और पर्यटकों को विशेष ट्रेन से लाया जा रहा है।
पटना : लॉकडाउन की वजह से दूसरे राज्यों में फंसे विद्यार्थियों, कामगारों और पर्यटकों को विशेष ट्रेन से आने पर विभिन्न रेलवे स्टेशन से उनके गृह जिले तक छोड़ने के लिए परिवहन विभाग की ओर से 220 बस की व्यवस्था की गई है।
सोमवार को केरल (एर्नाकुलम) और तिरुर स्पेशल ट्रेन से बिहार के करीब 2,310 श्रमिक दानापुर स्टेशन पहुंचेंगे। स्टेशन पर उतरने के बाद सभी लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग करने के बाद विशेष बस से विभिन्न जिलों में भेजा जाएगा। हर जिलों के लिए अलग अलग बस की व्यवस्था की गई है। परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि एर्नाकुलम और तिरूर (केरल) से आने वाले यात्रियों के लिए दानापुर स्टेशन पर करीब 100 बस की व्यवस्था की गई है। इसमें अररिया के लिए 19, नवादा के लिए 10, कटिहार के लिए 8, मधुबनी और सारण के लिए 6-6, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर के लिए 5-5, वैशाली, पश्चिमी चंपारण, बेगूसराय और जमुई के लिए 4-4 बस और अन्य जिलों के लिए यात्रियों की संख्या के अनुसार 2-1 बसों की व्यवस्था की गई है। राजस्थान (कोटा) से दो स्पेशल ट्रेन सोमवार को बरौनी स्टेशन और गया जंक्शन पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर छात्रों के उतरने के बाद मेडिकल स्क्रीनिंग कर सभी को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए बरौनी स्टेशन पर लगभग 70 और गया जंक्शन पर 50 बस का इंतजाम किया गया है। बरौनी स्टेशन (बेगूसराय जिला) पर लगभग 70 बसों की व्यवस्था की गई है। यहा 1,479 विद्यार्थी उतरने वाले हैं। बरौनी से बाका के लिए 4, भागलपुर के लिए 14, बेगूसराय के लिए 16, जमुई के लिए 5, खगड़िया के लिए 9, लखीसराय के लिए 5, मुंगेर के लिए 5 और शेखपुरा के लिए तीन बस रवाना होगी। गया जंक्शन पर 50 बस की व्यवस्था की गई है। यहा 1,083 विद्यार्थी के उतरने की संभावना है। गया से अरवल के लिए 2, औरंगाबाद के लिए 12, गया के लिए 16, जहानाबाद के लिए 4 और नवादा के लिए 12 रवाना होगी।