बग्गी में बैठे दूल्हे पर मौसेरे भाई ने चला दी गोली, दो साल पहले हुई मामूली बात का लिया इतना बड़ा बदला; हर कोई हैरान
बुधवार को गढ़ीनेगी से बरात आई थी। रात करीब एक बजे बरात चढ़त के समय करन बग्गी में बैठा था। इसी दौरान करन का मौसेरा भाई अजय कुमार बग्गी के सामने आ गया उसने तमंचा निकालकर करन पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने कंधे पर लगी जिससे वह लहूलुहान हो गया। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपित अजय कुमार दूल्हे का मौसेरा भाई है।
जागरण संवाददाता, रामपुर। बदले की भावना ने रिश्तों की बलि चढ़ा दी। दो साल पहले गलती पर थप्पड़ मारने से नाराज युवक ने मौसेरे भाई को उसके विवाह के दिन गोली मार दी। संयोग से गोली उसके दाएं कंधे पर लगी, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने दूल्हा की शिकायत पर आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
उत्तराखंड के जिला ऊधमसिंहनगर के कुंडा थाना क्षेत्र के गढ़ी नेगी निवासी ओम प्रकाश ने बड़े बेटे करन कुमार का विवाह रामपुर के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के पनवड़िया नई बस्ती निवासी हरदयाल की बेटी के साथ तय किया था। बुधवार को गढ़ीनेगी से बरात आई थी।
रात करीब एक बजे बरात चढ़त के समय करन बग्गी में बैठे थे। बराती नाच रहे थे। इसी दौरान करन का मौसेरा भाई अजय कुमार बग्गी के सामने आ गया, उसने तमंचा निकालकर करन पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने कंधे पर लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
फायर से वहां भगदड़ मच गई। बरातियों ने अजय को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग गया। दूल्हा जिस सजी गाड़ी से बरात लेकर आया था, उसी गाड़ी से उसे लेकर स्वजन तुरंत जिला अस्पताल पहुंच गए। जानकारी मिलने पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस भी आ गई।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपित अजय कुमार वर का मौसेरा भाई है, जो मुरादाबाद के थाना कटघर में लाजपतनगर का रहने वाला है। अजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है, उसकी तलाश की जा रही है।
उधर घायल करन के भाई राजा ने बताया कि अजय दो साल पहले गढ़ीनेगी में करन के घर पर ही रहता था। वह बेरोजगार था, उसके कहने पर रोजगार के लिए उसे चाय का खोखा रखवा दिया था, लेकिन वह गलत आदतों में पड़ गया। नशा करने लगा था।
इसी कारण उसे थप्पड़ मारकर वहां से भगा दिया था तब से वह रंजिश रखने लगा था, उससे बोलचाल भी बंद थी। उसे अपने विवाह में भी निमंत्रण नहीं दिया था।
करन कुमार तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा है। उससे छोटा अरुण कुमार एवं सबसे छोटी बहन लक्ष्मी हैं। करन कुमार ट्रक चालक है, माता गृहणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है, उसके पिता कर्जा लेकर विवाह कर रहे हैं।