कानपुर के चर्चित दिव्या मर्डर केस के मुख्य दोषी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत, 11 सितंबर को होगी अगली सुनवाई
Kanpur Divya murder case कानपुर के चर्चित दिव्या दुष्कर्म व हत्याकांड के मुख्य दोषी को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी है। मामले की सुनवाई 11 सितंबर को होगी। 27 सितंबर 2010 को दिव्या के साथ रावतपुर स्थित स्कूल में प्रबंधक के बेटे ने दुष्कर्म किया था। हालत बिगड़ने पर उसे घर छुड़वा दिया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। शहर के चर्चित दिव्या दुष्कर्म व हत्याकांड के मुख्य दोषी को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी है। मामले की सुनवाई 11 सितंबर को होगी। 27 सितंबर 2010 को दिव्या के साथ रावतपुर स्थित स्कूल में प्रबंधक के बेटे ने दुष्कर्म किया था। हालत बिगड़ने पर उसे घर छुड़वा दिया था। बाद में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए पड़ोसी मुन्ना को गिरफ्तार किया था। स्कूल प्रबंधक, उसके दो बेटों और लिपिक को क्लीन चिट दे दी थी।
इसके विरोध में शहर भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। दिल्ली और लखनऊ तक मामला पहुंचने पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 23 अक्टूबर 2010 को विवेचना सीबीसीआइडी को सौंप दी थी। नौ नवंबर 2010 को 14 लोगों के डीएनए सैंपल लिए गए थे। 24 दिसंबर 2010 को सीबीसीआइडी ने स्कूल प्रबंधक चंद्रपाल, उसके बेटे मुकेश, पीयूष के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
एक जनवरी 2011 को मुन्ना को बेकसूर बताते हुए रिहा किया गया था। कोर्ट ने मुकेश और पीयूष को उम्र कैद की सजा सुनाई थी। इन्हें उच्च न्यायालय से भी राहत नहीं मिली थी। मुकेश हाईकोर्ट से जमानत पर है। वरिष्ठ अधिवक्ता गुलाम रब्बानी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने पीयूष को जमानत दे दी है। उसे अपना पासपोर्ट विचारण कोर्ट में जमा करना होगा।