Move to Jagran APP

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में रिमझिम फुहारों ने दिलाई तपती गर्मी से राहत, पारा लुढ़का; सुहाना हुआ मौसम

Jharkhand Weather Update झारखंड में पिछले कुछ दिनों से तपती गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों ने आखिरकार राहत की सांस ली। इस दिन हुई तेज बारिश से तापमान में भारी कमी आई है। हालांकि इस दौरान धूल भरी आंधी ने लोगों की परेशानी बढ़ाई। घंटों बिजली भी नहीं रही। कई जगह तूफान में पेड़ गिर गए जिससे यातायात प्रभावित हुई।

By kumar Gaurav Edited By: Arijita Sen Published: Wed, 08 May 2024 07:36 AM (IST)Updated: Wed, 08 May 2024 07:36 AM (IST)
झारखंड में तपती गर्मी के बीच मौसम ने ली करवट।

जागरण संवाददाता, रांची। Jharkhand Weather Update : चिलचिलाती धूप से लोग बिलबिला रहे थे। इससे इंसान के साथ ही पशु-पक्षी भी बेहाल थे। मंगलवार को मौसम ने करवट ले लिया। हल्की बूंदाबांदी के साथ आंधी आई। इससे उपर की ओर उछल रहा मौसम का पारा अचानक लुढ़क गया। इससे सबको राहत मिल गई।

loksabha election banner

तेज आंधी गर्मी संग ले गई बिजली

हां, पानी के साथ आई आंधी गर्मी तो ले ही गई बिजली भी लेती चली गई। शहर के कई मुहल्लों में मंगलवार देर रात तक बिजली नहीं आई। आंधी के साथ उठी धूल ने लोगों को परेशान किया।

आसमान पर छाए काले बादलों के कारण सूर्यास्त से पहले ही रात सा नजारा देखने को मिला। कई जगहों पर सूखे पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। जिससे अवागमन प्रभावित हुई।

आठ डिग्री गिरा रांची का तापमान

मौसम में आए बदलाव के कारण राजधानी रांची के तापमान में 8 डिग्री तक की कमी रिकाॅर्ड की गई। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया था।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। सोमवार तक 15 जिलों का तापमान 40 के पार था, वहीं मंगलवार को आई तेज आंधी तूफान व बूंदाबांदी के बाद सिर्फ पलामू का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा।

आज भी तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 8, 9 और 10 मई को राजधानी समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और वज्रपात होने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी में 13 मई तक आंशिक बादल छाए रहने और वर्षा होने की संभावना है।

ओरमांझी में बाधित हुई बिजली व्यवस्था

ओरमांझी प्रखंड क्षेत्र में शाम को तेज हवा के साथ हुई वर्षा में कई मकान के छत का एस्वेस्टस उड़ गया। पेड़ व बिजली पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। तेज हवा व वर्षा से पांचा निवासी बिरेंद्र साहू के मकान पर एक जामुन का बड़ा पेड़ गिर गया। जिससे उसके मकान को नुकसान हुआ है।

वहीं आनंदी निवासी किशोर साहू के खटाल का एस्वेस्टस उड़ गया। पशु भी घायल हो गए। ओरमांझी निवासी प्रदीप साहू के भी मकान के एस्वेस्टस व छत पर रखे सिंटेक्स क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावे कई अन्य गांव में पेड़ गिरने व मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।

बिजली विभाग के कनीय अभियंता देवनंद राम ने बताया कई स्थान पर बिजली पोल व तार गिरे हैं। जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं सीओ नितिन शिवम गुप्ता ने कहा है जिनका नुकसान हुआ है, प्राकृतिक आपदा सहायता योजना के तहत मुआवजे की राशि दिलाई जाएगी।

ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी और हल्की वर्षा हुई है। सबसे अधिक वर्षा 17.6 मिमी पूर्वी सिंहभूम के बहरागोरा में हुई। वहीं बोकारो में कहीं-कहीं ओलावृष्टि हुई।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस सरायकेला का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री चाईबासा का रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

ये भी पढ़ें:

Jharkhand Politics: 'झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेजने का कार्य...', CM चंपई सोरेन ने केंद्र सरकार को बताया तानाशाह

'रांची में नहीं रुका ड्रग्स का कारोबार...', झारखंड हाई कोर्ट ने नशीले पदार्थ की बिक्री को लेकर पुलिस से पूछे कई सवाल


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.