अमेरिका में बरामद शव भारतीय बच्ची का ही
अमेरिका के रिचर्डसन में बरामद शव लापता भारतीय बच्ची का ही निकला। पुलिस ने तीन साल की शेरिन मैथ्यू के पिता को फिर गिरफ्तार कर लिया है।
ह्यूस्टन, प्रेट्र। अमेरिका के रिचर्डसन में बरामद शव लापता भारतीय बच्ची का ही निकला। इसकी पुष्टि करते हुए पुलिस ने तीन साल की शेरिन मैथ्यू के पिता को फिर गिरफ्तार कर लिया है। उसने माना कि दूध पीने से शेरिन का दम घुटा था। मरने के बाद उसने ही शव को ठिकाने लगाया था। रिचर्डसन पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय वेस्ली मैथ्यू को बच्ची के लापता होने के बारे में दूसरी कहानी सुनाने के बाद फिर गिरफ्तार किया गया है। उस पर बच्ची को लेकर घोर अपराध करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में उसे उम्रकैद या पांच से 99 साल तक की सजा हो सकती है।
मरने के बाद पिता ने ही शव को लगाया था ठिकाने
केरल के रहने वाले वेस्ली और उसकी पत्नी सिनी ने शेरिन को दो साल पहले बिहार के नालंदा के मदर टेरेसा आश्रम से गोद लिया था। वेस्ली ने पहले यह दावा किया था कि दूध नहीं पीने पर सात अक्टूबर की रात तीन बजे शेरिन को सजा देने के लिए घर के बाहर खड़ा कर दिया था। इसके बाद वह लापता हो गई थी। अब उसका कहना है कि सात अक्टूबर को तड़के शेरिन ने जब दूध नहीं पिया तो उसने जबर्दस्ती दूध पिलाने की कोशिश की थी। वह खांस रही थी और उसकी सांस उखड़ती जा रही थी। बाद में जब उसकी नब्ज भी डूब गई और उसे लगा कि वह मर चुकी है तो उसने उसका शव घर से हटा दिया। शेरिन में विकास को लेकर कुछ समस्याएं थीं और वह ठीक से बोल भी नहीं पाती थी।
रिचर्डसन पुलिस ने खोजी कुत्तों की मदद से शव की खोज की थी। जिस पुलिया के नीचे से शव मिला है वह जगह शेरिन के घर से करीब एक किमी की दूरी पर है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।