विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सांसद बनने की जुगत में लगे कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव

By amal chowdhuryEdited By:
Published: Tue, 22 Aug 2017 10:21 AM (IST)

मूल रूप से कानपुर निवासी राजू श्रीवास्तव भाजपा मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल से मिले।

सांसद बनने की जुगत में लगे कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव
सांसद बनने की जुगत में लगे कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव

लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। आम आदमी और रोजमर्रा की छोटी-छोटी घटनाओं पर व्यंग्य सुनाकर लोकप्रिय हुए हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव की राजनीतिक महत्वाकांक्षा किसी से छिपी नहीं है। 2014 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के सहारे संसद में जाने का उनका सपना अधूरा रह गया। लेकिन अब वह भाजपा के जरिये अपनी उम्मीदों को मुकाम देना चाहते हैं। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में उनके आने से इस चर्चा को हवा मिल गई है।

मूल रूप से कानपुर निवासी राजू श्रीवास्तव भाजपा मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल से मिले। उत्तर प्रदेश के फैसलों के लिए बंसल की अहम भूमिका से इन्कार नहीं किया जा सकता है। राजू सिर्फ बंसल से ही नहीं मिले बल्कि वह संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना से भी मिलने पहुंचे।

राजू ने और भी कई प्रभावी लोगों से संपर्क साधा है। इसके पहले रविवार को राजू मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर में स्वच्छता अभियान में शामिल हुए और फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उनकी इन मुलाकातों के निहितार्थ निकाले जाने शुरू हो गए हैं। सूत्रों का कहना है कि राजू श्रीवास्तव राज्यसभा से लेकर यहां होने वाले लोकसभा के उपचुनाव में किस्मत आजमाने के इच्छुक हैं।

यह भी पढ़ें: लखनऊ विश्वविद्यालय में उपद्रव पड़ेगा महंगा, रद होगी डिग्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा संसद की सदस्यता छोड़ने के बाद गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव होना तय है। जबकि मायावती और मनोहर र्पीकर के इस्तीफे के बाद राज्यसभा की दो सीटों पर उप्र में उप चुनाव होने हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए सपा ने राजू को कानपुर से उम्मीदवार घोषित किया था लेकिन, बाद में उनकी जगह सुरेन्द्र मोहन अग्रवाल को मैदान में उतार दिया था।

यह भी पढ़ें: लखनऊ मेट्रो तैयार, बस शासन की झंडी का इंतजार