फूलबाग में गूंजेगा नमो मंत्र
कानपुर, नगर प्रतिनिधि : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक रैली के लिए मैदान भी ऐतिहासिक होगा। तारीख पर तारीख और मैदान पर मैदान की जद्दोजहद के बाद आखिर बुधवार को फूलबाग का मैदान फाइनल हो गया। जिला प्रशासन द्वारा यह अनुमति अभी भाजपाइयों को मौखिक रूप से ही दी गई है, लेकिन इतने भर से ही भाजपाइयों को काफी राहत मिली है।
नरेंद्र मोदी की तरफ से कानपुर में रैली के लिए 19 अक्टूबर की तारीख तय कर दी गई थी, लेकिन देश के अलग अलग स्थानों में अब तक हुई उनकी जनसभाओं में उमड़ी भीड़ को देखते हुए भाजपाई मैदान को लेकर पसोपेश में थे। शहर के कुल 13 मैदानों को भाजपाइयों ने रैली स्थल के विचारार्थ चुना था। विगत रविवार को प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई ने इनमें से फूलबाग और निरालानगर के मैदानों को अंतिम रूप से चुना था। इसके बाद जिला प्रशासन से दोनों में से किसी एक को देने के लिए अनुमति मांगी गई थी। निराला नगर के मैदान को रेलवे ने देने से मना कर दिया और फूलबाग को अनुमति देने में उसके सौंदर्यीकरण का पेंच फंस रहा था। जिला प्रशासन अनुमति देने में एक-एक दिन विलंब करता जा रहा था जिससे भाजपाइयों के पसीने छूट रहे थे। इस पर बुधवार को भाजपा विधायक, शहर अध्यक्ष और वरिष्ठजनों ने जिलाधिकारी से वार्ता की। शहर अध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी ने बताया कि जिलाधिकारी ने फूलबाग के मैदान पर मौखिक स्वीकृति दे दी है। स्वीकृति मिलने के बाद भाजपाइयों को राहत मिली। रैली स्थल फाइनल होने की सूचना गुजरात को भी दे दी गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।