यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंजाब में हिंदू नेता की हत्या से तनाव, पथराव के कारण लौटानी पड़ी ट्रेन
अमृतसर में हिंदू नेता की हत्या के विरोध में पंजाब में हिंदू संगठनों में उबाल है। अमृतसर में हिंदू संगठनों ...और पढ़ें

जेएनएन, अमृतसर। हिंदू संघर्ष सेना के जिला प्रधान विपन शर्मा की हत्या को लेकर हिंदू संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा है। दोपहर को दुकानें बंद करवाने के बाद हिंदू संगठनों के नेता रेलवे ट्रेक पर जमा हो गए। इस दौरान गुस्साए लोगों ने रेलवे स्टेशन से जम्मू जा रही ट्रेन पर पत्थर बरसाए। इसके कारण ड्राइवर को ट्रेन वापस स्टेशन पर लाकर खड़ी करनी पड़ी। दिल्ली-पठानकोट ट्रेन को भी स्टेशन के बाहर रोक दिया गया है। जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
उधर, सिविल हस्पताल में विपिन के शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक विपिन शर्मा का शरीर पूरी तरह से गोलियों से छलनी था। कुल दस गोलियां लगी, जिनमें छह आर-पार हो गई थी, जबकि 4 गोलियां पोस्टमार्टम के दौरान निकाली गई। हिंदू संगठन हाल गेट पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि पंजाब में हिंदू नेताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। सरकार को हिंदू नेताओं की सुरक्षा को लेकर कदम उठाने चाहिए।

हाल गेट के बाहर प्रदर्शन करते हिंदू संगठनों के नेता।
हिंदू नेता विपन शर्मा की हत्या के बाद प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मृतक के परिवार के एक सदस्य के लिए सरकारी नौकरी की मांग की है इस बारे में प्रशासनिक अधिकारियों की सरकार से बात चल रही है लेकिन सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला है।
बता दें, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे विपन शर्मा की बटाला रोड स्थित भारत नगर इलाके गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। लुधियाना में आरएसएस के प्रमुख शिक्षक रविंदर गोसाईं की हत्या के दो हफ्ते बाद हिंदू नेता की हत्या का ये दूसरा मामला है। दो बाइक पर आए चार पगड़ीधारी युवाओं में से दो ने विपन शर्मा के सीने में 10 गोलियां दाग दीं और बटाला रोड की तरफ फरार हो गए।
