विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रासायनिक हथियारों को नष्ट करने के लिए सीरिया पर बढ़ेगा दबाव

By Edited By:
Published: Tue, 17 Sep 2013 08:25 PM (IST)Updated: Tue, 17 Sep 2013 08:33 PM (IST)

सीरिया में सरीन गैस के प्रयोग संबंधी संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट जारी होने के एक दिन बाद पश्चिमी देश उसके ...और पढ़ें

News Article Hero Image

संयुक्त राष्ट्र। सीरिया में सरीन गैस के प्रयोग संबंधी संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट जारी होने के एक दिन बाद पश्चिमी देश उसके साथ सख्ती से निपटने की तैयारी में हैं। सीरिया के रासायनिक हथियारों को नष्ट करने के लिए पश्चिमी देश संयुक्त राष्ट्र में प्रस्ताव लाने के लिए दबाव बनाएंगे।

संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने बिना किसी को दोषी ठहराए कहा है कि उन्हें इस बात के स्पष्ट प्रमाण मिले हैं कि 21 अगस्त को सतह से सतह तक मार करने वाले रॉकेट में सरीन गैस विद्रोहियों के गढ़ दमिश्क के उपनगरीय क्षेत्र घोउटा में ले जाया गया। अमेरिका ने रासायनिक हमले को लेकर सीरिया के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकी दी थी। रासायनिक हमले में 1400 से अधिक लोग मारे गए थे। अमेरिका इसके पीछे बशर अल असद सरकार का हाथ मानता है।

पढ़ें : सीरिया के रासायनिक हथियारों पर अमेरिका और रूस में समझौता

संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत सामंथा पावर ने कहा, संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में जो तकनीकी विवरण दिए गए हैं उनसे स्पष्ट होता है कि केवल सरकार ने ही बड़े पैमाने पर रासायनिक हमले को अंजाम दिया है। फ्रांस ने भी कहा है कि संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट दिखाती है कि सीरिया में रासायनिक हमले के पीछे सरकार का हाथ था। वहीं रूस का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के बावजूद उसे संदेह है कि सीरिया में विद्रोहियों ने रासायनिक हथियार का प्रयोग किया है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और उनकी फ्रांसीसी समकक्ष लॉरेन फैबियस ने मास्को में हुई बातचीत के बाद मंगलवार को अपने-अपने देशों के विरोधाभासी विचार व्यक्त किए।

विद्रोहियों को हल्के हथियार देगा अमेरिका : अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सीरियाई विद्रोहियों को हल्के हथियार प्रदान करने का रास्ता साफ कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता कैटलिन हेडन ने कहा, यह सहायता सीरिया में जरूरतमंद लोगों को रासायनिक हथियार से बचाने के प्रयास के तहत दी जा रही है। सीरियाई विद्रोहियों के लिए जिस सहायता को मंजूरी दी गई है उनमें रासायनिक हमले से बचाव वाले उपकरण भी शामिल हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर