यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रूस के प्रस्ताव पर ओबामा ने टाला सीरिया पर हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि वह रासायनिक हथियारों के प्रयोग को लेकर सीरिया पर हमला टालने के ...और पढ़ें

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि वह रासायनिक हथियारों के प्रयोग को लेकर सीरिया पर हमला टालने के लिए राजनयिक प्रयास को अवसर देना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने बातचीत विफल होने की स्थिति में अपनी सेना से कार्रवाई के लिए तैयार रहने को भी कहा है।
पढ़ें: रासायनिक हथियार सौंप देगा सीरिया
ह्वाइट हाउस के ईस्ट रूम से टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में ओबामा ने सीरिया के रासायनिक हथियारों को अंतरराष्ट्रीय नियंत्रण में सौंपे जाने के रूस के प्रस्ताव को उत्साहजनक कदम बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और रूस के अधिकारी इस कदम के बारे में बातचीत करेंगे। अपने 16 मिनट के संबोधन में ओबामा ने यह भी कहा कि वह इस बारे में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करेंगे। पुतिन संयुक्त राष्ट्र की स्वीकृति के बिना सीरिया के खिलाफ किसी प्रकार की सैन्य कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।
ओबामा ने अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन सीनेट से सीरिया के खिलाफ बल प्रयोग का अधिकार देने संबंधी अनुरोध पर मतदान स्थगित करने को कहा है ताकि इस संकट के कूटनीतिक समाधान के लिए प्रयास किए जा सकें। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद के साथ किसी समझौते से पहले इस बात का सत्यापन करना जरूरी होगा कि वह अपनी कही हुई बात पर कायम रहते हैं या नहीं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
