विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

परमाणु समझौता वार्ता को लेकर ईरान आशान्वित

By Edited By:
Published: Thu, 09 Jan 2014 05:06 PM (IST)Updated: Thu, 09 Jan 2014 05:07 PM (IST)

ईरान के विदेश मंत्री ने दुनिया के ताकतवर देशों के साथ हुए परमाणु समझौते को क्रियान्वित करने के लिए हो ...और पढ़ें

News Article Hero Image

तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री ने दुनिया के ताकतवर देशों के साथ हुए परमाणु समझौते को क्रियान्वित करने के लिए हो रही वार्ता के प्रति आशावादी रवैया दिखाया है। इस बीच उपविदेश मंत्री अब्बास अराची ने कहा कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निर्माण में जापान से मदद मांगी गई है। साथ ही भरोसा जताया कि ईरान और जापान बिजली उत्पादन क्षेत्र में मिलकर काम कर सकते हैं।

अपने फेसबुक एकाउंट पर गुरुवार को विदेश मंत्री मुहम्मद जावेद जरीफ ने कहा कि परमाणु वार्ता पूरी गंभीरता और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ शुरू कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि पिछले दिसंबर में दुनिया के छह ताकतवर देशों के साथ हुई तकनीकी वार्ता के सकारात्मक नतीजे आए हैं। जेनेवा में गुरुवार से दो दिवसीय वार्ता जरीफ के सहयोगी उपविदेश मंत्री अब्बास अराची और यूरोपीय संघ की वार्ताकार हेल्गा श्मिड के बीच शुरू हुई। वार्ता में श्मिड ताकतवर देशों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह यूरोपीय संघ की विदेश नीति की प्रमुख कैथरीन एस्टन की सहायक हैं।

गत 24 नवंबर को जेनेवा में अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, रूस, चीन और जर्मनी के साथ ईरान के संवेदनशील परमाणु कार्यक्रम को लेकर अंतरिम समझौता हुआ था। इसे क्रियान्वित करने के लिए यह वार्ता हो रही है।

अमेरिका और ईरान में शीर्ष स्तर पर ऐतिहासिक वार्ता

इस दौरान वाशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बुधवार को राजनीतिक मामलों की विदेश मंत्री वेंडी शेरमेन के वार्ता में शामिल होने की पुष्टि की। इसमें कहा गया कि वह जेनेवा रवाना हो गई हैं और वह अराची व श्मिड से मिलेंगी। हालांकि इसमें ईरानी मीडिया की उन रिपोर्टो की पुष्टि नहीं की गई जिसमें कहा गया था कि वार्ता त्रिपक्षीय होगी। इधर ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि वार्ता बचे हुए मसलों पर केंद्रित होगी। दोनों पक्ष इसे 20 जनवरी तक लागू करने पर विचार कर रहे हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर