यूक्रेन पुलिस की गोलीबारी में 70 की मौत
यूक्रेन के इंडिपेंडेंस स्क्वायर को खाली कराने के लिए सरकार ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई की, जिसमें 70 लोगों की मौत हो गई। बुधवार को 26 मौतों के बाद सरकार और विपक्ष के बीच रात में समझौता हो गया था। मगर, गुरुवार को संघर्ष दोबारा भड़क गया। विपक्ष समर्थक एक डॉक्टर ने बताया कि मारे गए सभी लोगों को गोली लगी है।
कीव। यूक्रेन के इंडिपेंडेंस स्क्वायर को खाली कराने के लिए सरकार ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई की, जिसमें 70 लोगों की मौत हो गई। बुधवार को 26 मौतों के बाद सरकार और विपक्ष के बीच रात में समझौता हो गया था। मगर, गुरुवार को संघर्ष दोबारा भड़क गया। विपक्ष समर्थक एक डॉक्टर ने बताया कि मारे गए सभी लोगों को गोली लगी है।
यूक्रेन के विपक्ष की मांग है कि देश को यूरोपीय यूनियन के करीब ले जाया जाए। वहीं, राष्ट्रपति विक्टर बार-बार दोहरा रहे हैं कि रूस हमारा पड़ोसी और अच्छा दोस्त है। उसे ऐसे ही नहीं छोड़ा जा सकता। पश्चिमी देशों ने इस संघर्ष की निंदा की है। स्क्वायर के पास मौजूद शवों पर गोली लगने के स्पष्ट निशान मिले हैं। प्रदर्शनकारियों ने शवों को वहीं रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके एक दिन पहले बुधवार को यहां हुए खूनी संघर्ष में 26 लोगों की मौत हुई थी।
प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले तीन महीने से इंडिपेंडेंस स्क्वायर पर डेरा जमाए हुए हैं। उन्हें यहां से खदेड़ने के लिए बुधवार तड़के दंगारोधी पुलिस ने धावा बोला था। स्क्वायर के आसपास मलबा, धुआं और आग दिखाई दे रही है। प्रदर्शनकारी पेट्रोल बमों और पत्थरों से पुलिस को जवाब दे रहे हैं। यूक्रेन में जारी राजनीतिक संकट पर अमेरिका और यूरोपीय संघ सहित कई देशों ने गहरी चिंता जताई है। अंतरराष्ट्रीय दबाव में बुधवार रात विपक्षी नेताओं के साथ सरकार की वार्ता हुई। इसके बाद संकटग्रस्त राष्ट्रपति ने संघर्ष विराम की घोषणा की। यानुकोविच ने एक बयान में कहा कि दोनों पक्षों ने संघर्ष विराम की घोषणा की है और खून खराबे को रोकने और देश में स्थिरता लाने के उद्देश्य से बातचीत की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पढ़ें : यूक्रेन में पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच खूनी झड़प, 25 मरे
इस बीच संकट का समाधान निकालने में मदद के लिए तीन यूरोपीय विदेश मंत्री यूक्रेन पहुंचे, लेकिन ताजा हिंसा के चलते वार्ता एक घंटे विलंब से शुरू हुई। जबकि ब्रिटेन ने इस मसले को लेकर यूक्रेन के राजदूत को तलब किया है। इस बीच अमेरिका ने 20 वरिष्ठ यूक्रेनियन अधिकारियों पर मानवाधिकार उल्लंघन को लेकर वीजा प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।