विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 18, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नन गैंगरेप केसः ममता ने की सीबीआइ जांच की सिफारिश

By Tilak RajEdited By:
Published: Wed, 18 Mar 2015 11:09 AM (IST)Updated: Thu, 19 Mar 2015 03:29 AM (IST)

नदिया जिले के राणाघाट स्थित मिशनरी स्कूल में 70 वर्षीय बुजुर्ग नन (सिस्टर इंचार्ज) के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

कोलकाता, जागरण न्यूज नेटवर्क। नदिया जिले के राणाघाट स्थित मिशनरी स्कूल में 70 वर्षीय बुजुर्ग नन (सिस्टर इंचार्ज) के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में चौतरफा आलोचना के बीच बंगाल सरकार ने बुधवार को सीबीआइ जांच की सिफारिश कर दी। बुधवार को कैथोलिक बिशप्स कांफ्रेंस ऑफ इंडिया (सीबीसीआइ) के अध्यक्ष कार्डिनल बैसीलियोस क्लीमिस ने राणाघाट का दौरा करके पीडि़त नन से संवेदना जताई। सीबीआइ जांच पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, मामले में न्याय हुआ सभी को दिखाई देना चाहिए। पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट पोप फ्रांसिस के वेटिकन स्थित कार्यालय को भी भेजी जाएगी। कार्डिनल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मुलाकात की।

सीबीआइ जांच की सिफारिश संबंधी जानकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फेसबुक के जरिये दी। उन्होंने कहा कि मामले के दोषियों को पकडऩे के लिए राज्य की पुलिस पूरी ताकत से सीबीआइ का साथ देगी। इससे पहले सोमवार को राणाघाट अस्पताल में पीडि़ता से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा था कि हम दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करेंगे। जो लोग इस तरह का अपराध करते हैं वे इंसान नहीं होते। हमारी संवेदनाएं पीडि़त के साथ हैं, जो हमारी मां की तरह हैं। इस सनसनीखेज वारदात के सामने आने के बाद शनिवार को ही मुख्यमंत्री ने सीआइडी जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन चार दिन बीतने के बावजूद एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से सवाल उठ रहे थे। सीआइडी को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मिला, जिससे पता चला है कि चार लोग घटना में संलिप्त थे। इस मामले में 15 लोगों को हिरासत में लिया गया, लेकिन इनमें से किसी के घटना में शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई।

उल्लेखनीय है कि राणाघाट के गांगनापुर स्थित मिशनरी स्कूल में शुक्रवार रात करीब ढाई बजे डकैतों के दल ने धावा बोलकर बुजुर्ग नन के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और वहां रखी 12 लाख की नकदी व अन्य सामान लूटकर चले गए थे। राणाघाट अस्पताल में भर्ती पीडि़त नन की दशा में सुधार बताया गया है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मांगी रिपोर्ट

नन दुष्कर्म मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से दो हफ्ते के अंदर रिपोर्ट जमा करने को कहा है। इससे पहले राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी अपराध जांच विभाग से मामले पर रिपोर्ट तलब किया था।

रॉबर्ट वाड्रा ने भी नाराजगी जाहिर की

इससे पहले सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने भी मामले पर नाराजगी जाहिर की। वाड्रा ने अपनी नाराजगी फेसबुक पर जाहिर की। वाड्रा ने लिखा कि उन्हें नन के साथ हुई दुष्कर्म की घटना से बहुत धक्का लगा है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नन के साथ हुए रेप पर नाराजगी जाहिर की थी। संसद में भी मंगलवार को नन रेप का मामला उठाया गया था।

रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, 'एक 71 साल की नन के साथ हुए गैंगरेप की खबर को सुनकर और इसके बारे में जो न्यूज चैनल्स में देखा उससे मुझे बहुत धक्का पहुंचा है। एक ऐसी महिला जिसने अपना पूरा जीवन गरीब और असहाय लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है, उसके साथ ऐसी शर्मनाक हरकत बर्दाश्त के बाहर है।'

वाड्रा ने आगे लिखा, 'हमारे देश में दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ज्यादातर दुष्कर्म की घटनाओं में लोगों की कुंठाएं सामने आती दिखाई देती हैं। फिर चाहे दुष्कर्म किसी नाबालिग लड़की से हो या बुजुर्ग महिला से। मुझे लगता है कि जब तक दुष्कर्म जैसे जघन्य कृत्य के लिए तुरंत सजा नहीं दी जाएगी, तब तक ऐसे मामलों में कमी नहीं आएगी।'

वाड्रा ने कहा कि दुष्कर्म की घटनाओं से पूरे विश्व में हमारे देश की छवि बिगड़ रही है। जब मैं विदेश में होता हूं तो एक भारतीय के रूप में दुष्कर्म की घटनाओं पर जवाब देते हुए काफी शर्मिंदगी होती है।

इसे भी पढ़ें: नदिया रेप पीडि़ता से मिलने वेटिकन से कोई नहीं आया: डेरेक ओ ब्रयान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।