Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विजय रूपाणी कल विजय मुहूर्त में लेंगे गुजरात के सीएम पद की शपथ

    By Sachin BajpaiEdited By:
    Updated: Sat, 06 Aug 2016 08:15 PM (IST)

    रूपाणी की अगुवाई में रविवार को 12 बजकर 39 मिनट पर विजय मुहूर्त में नई सरकार का गठन होगा। निवर्तमान सीएम आनंदीबेन अपने निजी आवास से सीधे शपथ ग्रहण में पहुंचेंगी।

    राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद । गुजरात के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विजय रूपाणी व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने राज्यपाल ओपी कोहली से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। रूपाणी की अगुवाई में रविवार को 12 बजकर 39 मिनट पर विजय मुहूर्त में नई सरकार का गठन होगा। निवर्तमान सीएम आनंदीबेन अपने निजी आवास से सीधे शपथ ग्रहण में पहुंचेंगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रदेश भाजपा मुख्यालय श्रीकमलम में शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में विजय रूपाणी को मुख्यमंत्री व नितिन पटेल को उप मुख्यमंत्री चुना था। रूपाणी व नितिन पटेल शनिवार सुबह गुजरात भाजपा प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा के साथ राजभवन पहुंचे। रूपाणी ने राज्यपाल कोहली के समक्ष नए मंत्रिमंडल के गठन का दावा पेश किया। राज्यपाल रविवार को गांधीनगर महात्मा मंदिर में रूपाणी को मुख्यमंत्री व नितिन पटेल को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

    राज्यपाल से मिलकर विजय रूपानी ने किया सरकार बनाने का दावा पेश

    उनके साथ बीस से अधिक मंत्री शपथ लेंगे। इस बीच, रूपाणी ने राज्य भाजपा अध्यक्ष के पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को सौंपा है। 1971 से जनसंघ में शामिल हुए रूपाणी राजकोट पश्चिम सीट से विधायक हैं। वह भाजपा के बनने के साथ ही उससे जुड़े हुए हैं। निवर्तमान सीएम आनंदीबेन पटेल रूपाणी के सीएम बनने के पक्ष में नहीं थीं लेकिन उनके शपथ ग्रहण में जाने वाली हैं। सीएम आवास को खाली कर आनंदीबेन अहमदाबाद के शीलज में अपने पुत्र जयेश पटेल के बंगले पर आकर रहने लगी हैं और यहीं से रविवार को वे सीधे शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचेंगी।

    रूपाणी को टीम चुनने की आजादी

    राजनीतिक सफर में दिखावा व भीड़ कम रखने वाले विजय रूपाणी शुक्रवार को तमाम अटकलों को खारिज करते हुए बतौर सीएम सबके सामने आए। भाजपा आलाकमान व विधायक दल में उनकी पैठ है इसलिए उन्हें अपनी टीम चुनने की भी पूरी आजादी होगी। आनंदीबेन पटेल खेमे का पत्ता कटने की पूरी संभावना है।

    विजय रुपानी होंगे गुजरात के नए सीएम, नितिन पटेल होंगे डिप्टी सीएम