चौरासी कोसी यात्रा निकालने पर अड़ी विहिप
अयोध्या सांस्कृतिक क्षेत्र में विहिप और संतों की प्रस्तावित चौरासी कोसी यात्रा पर प्रतिबंध के बाद माहौल गरमाने लगा है। उत्तर प्रदेश सरकार पर मुस्लिम त ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। अयोध्या सांस्कृतिक क्षेत्र में विहिप और संतों की प्रस्तावित चौरासी कोसी यात्रा पर प्रतिबंध के बाद माहौल गरमाने लगा है। उत्तर प्रदेश सरकार पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए विहिप संरक्षक अशोक सिंघल ने चेताया कि यात्रा को रोकने की कोशिश हुई तो उसका असर पूरे देश पर दिखेगा।
पढ़ें: लाठी-गोली खाने को तैयार है विहिप
उन्होंने कहा कि यात्रा मंदिर निर्माण के लिए नहीं है, लिहाजा कोर्ट के यथास्थिति संबंधी आदेश का हवाला देकर इसे नहीं रोका जाना चाहिए। विहिप के इस एलान के बीच पुलिस ने इस यात्रा को रोकने की तैयारी शुरू कर दी है। फैजाबाद समेत आस-पास के पांच जिलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अयोध्या की सीमा सील करने की भी प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस को अयोध्या जाने वाले संतों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
आगामी 25 अगस्त से अयोध्या के आसपास छह जिलों में विहिप ने 84 कोसी परिक्रमा का प्रस्ताव रखा है। स्थानीय प्रशासन की रिपोर्ट में इस यात्रा से माहौल खराब होने की आशंका के बाद उप्र सरकार ने इसे प्रतिबंधित कर दिया है। प्रतिबंध पर आश्चर्य जताते हुए सिंघल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव शायद अपने मुस्लिम सहयोगियों के दबाव में आ गए। वरना कुछ दिन पहले संतों के साथ मुलाकात में उन्होंने आश्वासन दिया था कि स्थानीय अधिकारियों से चर्चा कर प्रयत्न करेंगे कि यात्रा पूरी हो।
एक सवाल के जवाब में सिंघल ने कहा कि वह किसी खास पार्टी को मदद पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ और सिर्फ मंदिर के लिए यात्रा निकाल रहे हैं। लेकिन जनता सभी दलों का रुख देख रही है और संभव है कि जो मंदिर निर्माण के लिए आगे आएगा उसे चुनाव में 300 सीटें भी मिल जाएं। सिंघल ने कहा कि यात्रा तय हो चुकी है और किसी भी कीमत पर उसे पूरा किया जाएगा। अच्छा होगा कि संतों की भावनाओं को कुचलने के बजाय सरकार अपने निर्णय पर पुनर्विचार करे।
विहिप मार्गदर्शक मंडल के सदस्य और पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने भी कहा है कि अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा तयशुदा कार्यक्रम के तहत ही निकलेगी। संतों को जहां भी रोका जाएगा वहीं धरना और गिरफ्तारी भी दी जाएगी। उनके मुताबिक 25 अगस्त से 13 सितंबर तक चलने वाली परिक्रमा के निर्धारित करीब 40 स्थानों पर तय कार्यक्रम भी किए जाएंगे। यात्रा रोकने को मुस्लिमपरस्ती की पराकाष्ठा बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने विहिप के समर्थन का एलान किया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।